मामला दमोह के कोतवाली थाना क्षेत्र के किल्लाई नाका चौराहे का है।
- फोटो : सोशल मीडिया
मध्यप्रदेश के दमोह में एक युवक की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। आरोपी लगातार युवक की बहन को परेशान कर रहे थे, जब भाई ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसे चाकू मार दिया। जिला अस्पताल से उसे जबलपुर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में लिया है।
जानकारी के अनुसार मामला दमोह के कोतवाली थाना क्षेत्र के किल्लाई नाका चौराहे का है। बताया गया कि किल्लाई नाके के पास क्रिश्चियन कॉलोनी में रहने वाले 18 वर्षीय जय सिंह पिता विक्की ईसाई की बहन को निगरानीशुदा बदमाश प्रफुल्ल कश्यप परेशान करता था। इसी सिलसिले में जय बात करने प्रफुल्ल के पास गया था। इसी से नाराज होकर प्रफुल्ल ने जय को पीछे से चाकू मार दिया और भाग गया। जय वहीं गिर पड़ा। उसे गणेश पटेल घायल अवस्था में जिला अस्पताल लेकर पहुंचा और उसके घरवालों को सूचना दी। हालत नाजुक होने पर घायल को जबलपुर रेफर किया गया। जहां देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
कोतवाली थाना प्रभारी विजय सिंह राजपूत ने बताया कि जय अपनी बहन को परेशान करने वाले निगरानीशुदा बदमाश प्रफुल्ल कश्यप से बात करने गया था। तभी आरोपी प्रफुल्ल ने उस पर चाकू से वार कर दिया। इलाज के दौरान जय की मौत हो गई। आरोपी पर मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।