जिला अस्पताल के बाहर हंगामा करता तांत्रिक
- फोटो : अमर उजाला
दमोह जिला अस्पताल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इसमें एक तांत्रिक मृत व्यक्ति को जिंदा करने का दावा कर रहते हुए पोस्टमार्टम हाउस के बाहर जमकर हंगामा कर रहा है। मामला शनिवार रात का है। पॉलिटेक्निक कॉलेज में अतिथि विद्वान के पद पर पदस्थ सोनू ठाकुर ने आत्महत्या कर ली थी। जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। तांत्रिक ने उसे जीवित करने का दावा किया था।
बताया जा रहा है कि मृतक के परिजन शव को पोस्टमॉर्टम हाउस में छोड़कर चले गए। कुछ देर बाद एक तांत्रिक को साथ लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। तांत्रिक के मृतक को जिंदा करने के दावे पर परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन से शव को बाहर निकालने की जिद की। तांत्रिक का कहना था कि वह खुद महाकाली का अवतार है। मृतक के पास अभी 30 मिनट बचे हैं। शव उसके पास लाया जाएगा तो वह मृतक को फिर से जिंदा कर देगा। मृतक को जिंदा करने के दावे के साथ तांत्रिक ने पोस्टमार्टम हाउस के बाहर काफी देर हंगामा किया। तांत्रिक अस्पताल के बाहर ही उठो सोनू, उठो सोनू... चिल्लाता रहा।
तांत्रिक के दावे पर परिजनों ने की शव बाहर लाने की मांग
मृतक के परिजनों को तांत्रिक के दावे पर पूरा भरोसा था। इसके चलते परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन के साथ ही पुलिस से भी शव को पोस्टमार्टम रूम से बाहर लाने की जिद की। जब हाथ-पैर मारने के बाद भी परिजनों को सफलता नहीं मिली तो तांत्रिक गुस्से में आ गया। पोस्टमार्टम रूम का दरवाजा तोड़ने का प्रयास करने लगा। वहां मौजूद लोगों ने तांत्रिक के ड्रामे का वीडियो बना लिया।
हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस
पुलिस को जिला अस्पताल में चल रहे इस पूरे ड्रामे की जानकारी लगी तो घटनास्थल पहुंची। मौके पर पुलिस ने भी बाबा की नौटंकी देखी। वहीं, परिजनों की मांग पर पोस्टमार्टम रूम का दरवाजा खोला गया, लेकिन शव को बाहर नहीं निकाला गया। जब काफी देर तक कुछ नहीं हुआ तो पुलिस ने परिजनों को समझाकर घर भेजा। बाबा भी कुछ देर बाद मौके से भाग निकला।