गांव की बिजली आठ दिन से बंद थी, गांव का एक युवक उसे सुधारने की कोशिश कर रहा था। करंट लगने से उसकी मौत हो गई। आरोप है कि लाइनमैन ने बिजली सप्लाई उसी वक्त चालू कर दी। परिजनों के हंगामे के बाद लाइनमैन पर धार 304 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार मामला दमोह जिले के बटियागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम आजनी टपरिया का है। बताया गया कि गांव में 8 दिन बिजली आर्पूर्ति ढप पड़ी हुई थी। ग्रामीणों द्वारा कई बार लाइनमैन से इसकी शिकायत की, पर वह बार कोई न कोई बहाना बनाकर टाल रहा था। इसी बीच गांव के एक युवक अरविंद सिंह लोधी (28) ने लाइनमैन जनार्दन त्यागी को फोन पर कहा कि हमारे गांव एवं घर की लाइट पिछले कई दिनो से बंद है और केबिल में कई जगह कट लगे हुए हैं, जिससे कोई बड़ा हादसा हो सकता है। लाइनमैन त्यागी ने कहा कि लाइट अभी बंद है तुम खुद काम कर लो। अरविंद केबिल को जोड़ने का कार्य कर रहा था तभी करीब 10 मिनिट बाद बिजली चालू होने से अरविंद को करंट लग गया और वह तार में चिपक गया।
तब उसके भाई और गांव के पदम सिंह लोधी व चचेरेभाई हिम्मत सिंह लोधी ने लकड़ी के सहारे अरविन्द को केबिल से दूर किया और बटियागढ़ अस्पताल लेकर आए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया था। परिजनों ने आरोप लगाते हुए कहा कि लाइनमैन जनार्दन त्यागी की लापरवाही से मेरे भाई अरविन्द की करंट लगने से मौत हुई है। यदि जनार्दन त्यागी ने ग्रामीणों की शिकायत पर सुधार दिया होता तो इस प्रकार का हादसा नहीं होता। जनार्दन त्यागी जब से आजनी फीडर में पदस्थ है तब से हम लोगो को लाइट के लिए बहुत परेशान करता है। हम लोग जब भी कोई शिकायत करते हैं तो वह ध्यान नहीं देता और हमेशा शराब के नशे में रहता था।
बड़ी संख्या में परिजन थाने पहुंचे और लाइनमैन पर मामला दर्ज करने की मांग की। काफी देर हंगामा किया। तब बटियागढ़ थाना एसआई सोनाली जैन ने मामले को संज्ञान में लेते हुए लाइनमैन पर धारा 304 का मामला दर्ज किया। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।