पंखा गिरने से घायल बच्ची को अस्पताल लाया गया।
- फोटो : सोशल मीडिया
दमोह जिले के एक सरकारी स्कूल में छात्रा के सिर पर छत पंखा गिर गया। बच्ची के सिर में चोट लग गई। उसकी चीख सुनकर शिक्षक कक्षा में पहुंचे और छात्रा को अस्पताल पहुंचाया। बच्ची की हालत ठीक है।
जानकारी के अनुसार मामला दमोह जिले के हटा ब्लॉक के विनती गांव का है। सोमवार दोपहर यहां संचालित शासकीय हाईस्कूल में पढ़ाई करते समय अचानक 13 वर्षीय छात्रा निशा अहिरवार के ऊपर पंखा गिर गया जिससे वह घायल हो गई। निशा अहिरवार कक्षा सातवीं में पढ़ती है और वह सोमवार को अपने कक्ष में बैठकर अध्ययन कार्य कर रही थी। तभी दोपहर एक बजे अचानक ऊपर चल रहा पंखा खुलकर सीधे छात्रा के सिर के ऊपर आ गिरा और छात्रा घायल हो गई। उसके सिर में चोट आने पर स्कूल शिक्षकों की मदद से तत्काल ही छात्रा को इलाज के लिए सिविल अस्पताल हटा लाया गया। जहां डाक्टरों द्वारा उसका इलाज शुरू किया गया और उसके परिजनों को भी सूचित किया गया। हालांकि छात्रा की हालत अब ठीक है।