भारत में कोरोना वायरस का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है। देश के कई शहर कोरोना वायरस का हॉटस्पॉट बन चुके है। वही, देश में कोविड-19 के प्रकोप से सबसे ज्यादा प्रभावित शहरों में शामिल इंदौर में इस महामारी के खतरों के प्रति लोगों को आगाह करने के लिए पुलिस 'भूतों' की मदद भी ले रही है।
दरअसल, विजय नगर पुलिस ने स्वयंसेवकों का दल तैयार किया है जो भूत के हुलिए में खासकर झुग्गी बस्तियों में पहुंचते हैं और लोगों को इस महामारी के खिलाफ जागरुक करते हैं। पुलिस की इस अनोखी मुहिम के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। डरावने मुखौटों वाले ये 'भूत' अस्थि पिंजर के चित्र वाली खास पोशाक पहने नजर आते हैं।
विजय नगर पुलिस थाने के प्रभारी तहजीब काजी ने शुक्रवार को पीटीआई को बताया कि हमने छह स्वयंसेवकों का खास दल तैयार किया है जो तीन अलग-अलग पालियों में भूत के हुलिए में खासकर उन झुग्गी बस्तियो में पहुंचते हैं जहां लोगों में कोविड-19 के खिलाफ जागरुकता की कमी है।
उन्होंने बताया कि जो लोग शहर में कर्फ्यू लगा होने के बावजूद घर से बाहर देखे जाते हैं, उन्हें भूत के हुलिए वाले हमारे स्वयंसेवक अपने डरावने अभिनय से आगाह करते हैं कि अगर वे बगैर किसी वजह के बाहर घूमेंगे तो कोरोना का भूत उन्हें अपनी गिरफ्त में ले लेगा। ये स्वयंसेवक लोगों को बताते हैं कि कोविड-19 से बचने के लिए सामाजिक दूरी बनाना कितना जरूरी है।
बता दें मध्यप्रदेश में कोरोना वायरस के मरीज लगातार बढ़ रहे हैं। सबसे ज्यादा मामले इंदौर में सामने आए हैं। गुरुवार को इंदौर में 14 और छिंदवाड़ा में एक कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने की पुष्टि की गई है। इसके साथ ही अब इंदौर में कुल कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 89 हो गई है।
आईएएस अधिकारी की पहली जांच रिपोर्ट पॉजिटिव, दूसरी का इंतजार
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के एक अधिकारी की कोविड-19 के लिए की गई जांच की शुक्रवार को पहली रिपोर्ट पॉजीटिव आई है। हालांकि, दूसरी रिपोर्ट की प्रतीक्षा की जा रही है।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि एक आईएएस अधिकारी की कोरोना वायरस के लिए की गई जांच की पहली रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। लेकिन हम उनकी दूसरी जांच रिपोर्ट की प्रतीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह 2011 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और स्वास्थ्य विभाग में तैनात हैं।
उन्होंने मध्य प्रदेश के बाहर भी यात्राएं की हैं और जब उनमें कोरोना वायरस के लक्षण दिखाई देने लगे, तब कोविड-19 की जांच के लिए उनके नमूने भेजे गए।
शासकीय महात्मा गांधी स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय के एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि 14 नए मरीजों में तीन महिलाएं और 11 पुरुष हैं। इन मरीजों की उम्र 19 से 60 साल के बीच है। अधिकारी ने बताया कि पिछले नौ दिन में इलाज के दौरान कोरोना वायरस संक्रमित इंदौर के पांच मरीजों की मौत हो चुकी है।