देश में बढ़ते कोरोना संक्रमण के मामलों में लगातार तेजी आ रही है। गुरुवार को पहली बार देश में कोरोना संक्रमण के मामले एक दिन में 30 हजार से ज्यादा आए। वहीं, मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में भी गुरुवार को कोरोना का कहर एक बार फिर सामने आया।
भोपाल में 135 लोगों की जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई। एक दिन में नए मामलों की अब तक की यह सबसे बड़ी संख्या है। नए और पुराने शहर के कई क्षेत्रों से संक्रमण के नए मामले सामने आए हैं। सीआरपीएफ बंगरसिया के दो जवान भी संक्रमित पाए गए हैं। जीएमसी से तीन लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके अलावा अशोका गार्डन, शाहपुरा, अरेरा कॉलोनी, पिपलानी, साकेत नगर, ऐशबाग, अवधपुरी समेत अलग-अलग क्षेत्रों में मामले सामने आए हैं।
इंदौर में भी संक्रमितों की संख्या में उछाल
देश में कोविड-19 से सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में शामिल इंदौर में इस महामारी के मरीजों की संख्या में पिछले एक हफ्ते के दौरान उछाल के मद्देनजर प्रशासन ने पाबंदियों की डोर कसनी शुरू कर दी है।
अधिकारियों ने बताया कि जिलाधिकारी मनीष सिंह के आदेश के मुताबिक, गुरुवार से शादी समारोहों और शव यात्राओं में अब अधिकतम 20-20 लोग शामिल हो सकेंगे। जन्मदिन और शादी की सालगिरह की पार्टियां संबंधित मेजबानों के घरों में ही आयोजित की जा सकेंगी और इनमें अधिकतम 10 मेहमानों को बुलाया जा सकेगा।
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन ने आगामी त्योहारों से पहले सार्वजनिक स्थानों पर धार्मिक आयोजनों और मूर्तियों व झांकियों की स्थापना पर प्रतिबंध लगा दिया है। आम लोगों को अपने घरों में ही पूजा-पाठ करने और त्योहार मनाने की सलाह दी गई है।