मध्यप्रदेश के विदिशा में हिंदू संगठन, ईसाई मिशनरी के एक कॉलेज में भारत माता की पूजा करना चाहते हैं। कॉलेज प्रबंधन इसके लिए तैयार नहीं है जिसको लेकर विवाद खड़ा हो गया है।
विदिशा के सेंट मेरीज पीजी कॉलेज को एक ईसाई मिशनरी संचालित करती है। इस कॉलेज में पिछले दिनों
अखिल भारतीय विद्याथी परिषद् (एबीवीपी) और भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ता पहुंच गए और भारत माता की पूजा करने की मांग करने लगे।
इन संगठनों ने गुरुवार को कॉलेज में भारत माता की आरती करने की धमकी दी।
भारतीय जनता युवा मोर्चा के विदिशा के अध्यक्ष दीपक तिवारी ने बताया, "हम शहर के हर स्थान पर भारत माता की आरती कर रहे हैं। हम इस कॉलेज में भी यही करना चाहते थे लेकिन प्रबंधन ने हमें इसकी इजाजत नहीं दी। यह बिल्कुल गलत है। कॉलेज प्रबंधन कह रहा है कि ऊपर से आदेश आए तब ही इसकी इजाजत दी जा सकती है।"
कॉलेज ने सुरक्षा की मांग की
कॉलेज ने इसकी शिकायत प्रशासन से की है। साथ ही सुरक्षा की मांग भी की है।
फादर बीजू टोटनकारा के मुताबिक, "यह अल्पसंख्यकों की संस्था है और जिस तरह से यहां पर भारत माता की आरती करने की कोशिश की जा रही है, वो गलत है। शिक्षा संस्थान में पढ़ाई करनी चाहिए न कि इस तरह का विवाद।"
फादर बीजू बताते हैं कि प्रशासन ने उन्हें सुरक्षा मुहैया कराने का आश्वासन दिया है।