इंदौर नगर निगम के बजट सम्मेलन के दौरान कुछ लोगों की गलतफहमी के चलते बुधवार को विवाद खड़ा हो गया। दरअसल, कुछ लोगों ने राष्ट्रगान 'जन-गण-मन' का गायन बीच में रोककर अचानक राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम' गाना शुरू कर दिया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में महापौर और स्थानीय भाजपा विधायक मालिनी लक्ष्मणसिंह गौड़ भी दिख रही हैं।
मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक नगर निगम के बजट सम्मेलन की शुरुआत के दौरान पार्षदों और अन्य लोगों ने राष्ट्रगान गाना शुरू कर दिया। वहां मौजूद लोगों ने भी उनकाअनुसरण शुरू कर दिया। लेकिन, गलती का अहसास होते ही निर्वाचित जन प्रतिनिधियों के सम्मेलन में कुछ ही सेकंड बाद राष्ट्रगान को को अधूरा छोड़ अचानक राष्ट्रगीत यानी 'वंदे मातरम' का गायन शुरू कर दिया गया।
मामले में कुछ विपक्षी पार्षदों ने इस चूक को राष्ट्रगान का अपमान करार दिया और दोषी लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। नगर निगम के सभापति अजय सिंह नरूका ने कहा कि यह गलती शायद किसी पार्षद की जुबान फिसलने से हुई है। इसके पीछे कोई दुर्भावना नहीं दिखाई देती। इसे बेवजह तूल नहीं देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि नगर निगम के सत्र के प्रारंभ में राष्ट्रगीत वंदे मातरम गाया जाता है, जबकि सदन सत्र का समापन राष्ट्रगान के गायन के साथ होता है।