मध्य प्रदेश के मुरैना जिले की सुमावली विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक ऐंदल सिंह कंसाना के बेटे राहुल सिंह समेत 15 लोगों को खिलाफ हत्या की कोशिश का मुकदमा दर्ज किया गया है। राहुल सिंह कंसाना पर आगरा-मुंबई हाईवे पर स्थित छौंदा टोल प्लाजा पर हमला और तोड़फोड़ करने का आरोप है।
मुरैना एसपी रियाज इकबाल ने बताया कि विधायक के बेटे राहुल कंसाना समेत 15-20 अन्य लोगों के खिलाफ धारा 307 में केस दर्ज किया गया है। बता दें कि शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात में हुई यह वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
पुलिस के मुताबिक बदमाशों ने टोल प्लाजा के ऑफिस पर पांच मिनट में करीब 30 गोलियां चलाईं। बदमाशों के जवाब में टोल बूथ पर तैनात सुरक्षा गार्डों ने भी गोलियां चलाई। इसमें एक युवक जख्मी हो गया। पुलिस ने बताया कि अभी किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। सभी फरार हैं।
टोल मैनेजर भगवान सिंह सिकरवार ने वारदात की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि राहुल ने उन्हें शनिवार रात 10.30 बजे मोबाइल पर फोन कर धमकी दी कि टोल से मेरी और मेरे नाम से जितनी भी गाड़ियां निकलेंगी उनसे टोल शुल्क नहीं लिया जाएगा।
जब इससे मना किया गया तो रात 12.46 मिनट पर राहुल 15-20 लोगों के साथ टोल पहुंचे और वहां गोलीबारी शुरू कर दी । इससे टोल पर हड़कंप मच गया। सभी कर्मचारी बूथ छोड़कर भाग गए। हाईवे पर हो रही इस गोलीबारी से आगरा-मुंबई की ओर से आने वाले वाहन भी जहां के तहां खड़े रह गए।
इस पूरे मामले पर विधायक ऐंदल सिंह कंसाना का कहना है कि टोल टैक्स मैनेजर ने मेरे बेटे के खिलाफ झूठी एफआईआर दर्ज कराई है। गोलीबारी के समय राहुल टोल पर गया ही नहीं। उन्होंने कहा कि मैंने पूरे मामले से मुख्यमंत्री को अवगत करा दिया है।