कांग्रेस नेता दिनेश गुर्जर ने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर भूमि अधिग्रहण करने का आरोप लगाया है। दिनेश गुर्जर ने मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि पहले शिवराज सिंह चौहान के पास पांच एकड़ की जमीन थी लेकिन अब उनके पास हजारों एकड़ में जमीन है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि मान लीजिए कमलनाथ दूसरे बड़े उद्योगपति हैं, वो शिवराज सिंह चौहान की तरह भूखे नंगे नहीं हैं। शिवराज सिंह चौहान के पास पहले पांच एकड़ की जमीन हुआ करती थी लेकिन अब उनके पास हजारों एकड़ में जमीन है। कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि शिवराज सिंह चौहान ने किसानों के खून पीने का काम किया, इसलिए आज इतनी जमीन के मालिक हैं।
इस पर सूबे के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पलटवार करते हुए कहा कि हां, मैं भूखे-नंगे परिवार से हूं, इसलिए उनका दुख-दर्द समझता हूं। शिवराज ने ट्वीट कर दिनेश गुर्जर की बात का जवाब दिया है। उन्होंने लिखा कि हां मैं गरीब हूं इसी लिए गरीब बेटे-बेटियों को मामा बन पढ़ाता हूं। गरीब हूं इसलिए गरीब मां-बाप की बेटियों का कन्यादान करता हूं। गरीब हूं, इसलिए हर गरीब का दर्द समझता हूँ और प्रदेश को समझता हूं।
हालांकि इस पर बीजेपी मध्यप्रदेश ने भी ट्वीट कर कांग्रेस पार्टी पर पलटवार किया है। बीजेपी मध्यप्रदेश ने अपने ट्विटर हैंडल से लिखा कि यही कांग्रेस की मानसिकता है, यही इनकी पीड़ा और यही इनकी सोच है। एक किसान पुत्र कैसे किसी नामी उद्योगपति के सामने खड़ा हो सकता है? गुलाम मानसिकता के कांग्रेसियों का असली चेहरा सामने आ गया है।