मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि भाजपा देश और प्रदेश में विकास और जनता के कल्याण का काम कर रही है। जितने विकास के काम भाजपा ने किए हैं, उतना विकास 50 साल सत्ता में रही कांग्रेस और 15 महीने कमलनाथ सरकार नहीं कर पाई। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के प्रत्याशियों को जिताएं, ताकि भारतीय जनता पार्टी आपके नगर का समग्र विकास कर सके। ये बातें सीएम ने शनिवार को रतलाम और देवास में जनसभा को संबोधित करते हुए कही।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रतलाम और देवास में पार्टी के महापौर प्रत्याशियों और पार्षद प्रत्याशियों के समर्थन में रोड शो भी किया। रतलाम में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने जमकर कांग्रेस पर जुबानी हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने मध्यप्रदेश और रतलाम का कभी विकास नहीं किया। हमारी भाजपा सरकार ने रतलाम को मेडिकल कॉलेज दिया। रतलाम के विकास के लिए धन की कमी कभी आड़े नहीं आने दूंगा।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने सन 1965 के बाद कोई मेडिकल कॉलेज नहीं खोला। कांग्रेस ने कभी रतलाम के साथ न्याय नहीं किया। रोजगार को बढ़ावा देने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीएम स्ट्रीट वेंडर योजना शुरू की, तो ग्रामीण क्षेत्रों के लिए मैंने सीएम स्ट्रीट वेंडर योजना शुरू की, जिसका लाभ गरीब तबके को मिल रहा है। उन्होंने देवास में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हम शहरों को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित कर रहे हैं। देवास को हम देश का सबसे सुंदर शहर बनाकर दिखाएंगे। हम विकास के काम तो करेंगे ही, साथ ही जनता की जिंदगी बदलने का काम भी करेंगे।
रतलाम में पांच किमी का निकला मुख्यमंत्री का रोड शो
रतलाम में सैलाना रोड से शुरू हुआ मुख्यमंत्री का रोड शो शहर में प्रमुख मार्गों से होकर धानमंडी स्थित सभास्थल पहुंचा। पांच किलोमीटर निकले रोड शो में जगह-जगह विभिन्न समाजों, व्यापारी संगठनों और संस्थाओं ने मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया। मंचों से फूल बरसाए गए, कई जगह आतिशबाजी की गई।