Ratlam: शहर की मदीना कालोनी में प्रॉपर्टी विवाद को लेकर हुए विवाद के बाद जब एक पक्ष थाने पहुंचा, जिसका मेडिकल करवाने के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया तो वहां भी दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। मारपीट के दौरान दोनों पक्षों के लोगों ने सरकारी संपत्ति को भी नुकसान पहुंचाया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस कायमी करते हुए करीब 8 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
रतलाम शहर की मदीना कॉलोनी निवासी परिवार के सदस्यों में प्रॉपर्टी को लेकर विवाद चल रहा है, जो कोर्ट में विचाराधीन है। शनिवार और रविवार की दरमियानी रात परिवार के सदस्यों के बीच किसी बात को लेकर मारपीट हो गई। जिसके बाद एक गुट के लोग माणकचौक थाने में रिपोर्ट लिखाने पहुंचे। घायल का मेडिकल कराने एक जवान उसे लेकर जिला अस्पताल आया। इतने में दूसरे पक्ष के लोग भी अस्पताल पहुंच गए।
विज्ञापन
यहां रात करीब 1 बजे दोनों पक्षों में कहासुनी हुई इसके बाद मारपीट शुरू हो गई। जिसके हाथ जो लगा, उसे उठाकर एक दूसरे पर टूट पड़े। अस्पताल परिसर में लगे एल्यूमिनियम सेक्शन को भी तोड़ दिया और सेक्शन की रॉड से भी एक दूसरे के साथ मारपीट की। इतना ही नहीं अस्पताल में लगा फायर एक्सटिंगिशर उखाड़कर इससे भी मारपीट की।
मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी भी उनको रोकने की बजाय वीडियो बनाता रहा। दो गुटों में हुई मारपीट की इस घटना से जिला अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनो पक्षों के लोगो को थाने ले गई। पुलिस ने मामले में शौकत की शिकायत पर शाकिर, नासिर और तीन अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया है। तो वहीं दूसरे पक्ष के समीर की शिकायत पर अबरार, अंसार, रमजानी, आसिफ के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज किया गया है।
विज्ञापन
उधर, जिला अस्पताल के सीएमएचओ आनंद चंदेलकर ने अस्पताल में तोड़फोड़ करने, शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में थाना स्टेशन रोड पर आवेदन देकर शिकायत की है। पुलिस ने कुछ लोगों को पकड़ा है। दो घायल मेडिकल कॉलेज में भर्ती हैं। मामले को लेकर सीएसपी अभिनव वारंगे ने बताया कि पहले माणक चौक थाना क्षेत्र में मारपीट हुई, बाद में दोनों पक्ष अस्पताल में भिड़ गए। वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।