भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार चार एवं पांच जुलाई को दो दिवसीय मध्य प्रदेश प्रवास पर रहेंगे। मुख्य निर्वाचन आयुक्त का पदभार संभालने के बाद यह उनका पहला मध्य प्रदेश दौरा है, जिसे निर्वाचन व्यवस्था और बूथ स्तर तक चुनावी तंत्र को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, ज्ञानेश कुमार चार जुलाई को इंदौर पहुंचेंगे, जहां वे निर्वाचन आयोग के अधिकारियों तथा बूथ लेवल ऑफिसर्स (बीएलओ) के साथ महत्वपूर्ण बैठक करेंगे। इस बैठक में मतदाता सूची के सतत अद्यतन, मतदान प्रतिशत बढ़ाने, निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता, तकनीकी नवाचारों के उपयोग तथा बूथ स्तर पर कार्यरत अधिकारियों की भूमिका जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है।
मां नर्मदा का पूजन-अर्चन करेंगे
पांच जुलाई की सुबह ज्ञानेश कुमार मां नर्मदा का पूजन-अर्चन करेंगे। इसके पश्चात वे ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहर महेश्वर किले का भ्रमण करेंगे और वहां की विरासत से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार महेश्वर भ्रमण के बाद वे इंदौर लौटेंगे, जहां से सायंकाल दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस दौरे को लेकर इंदौर, ओंकारेश्वर और महेश्वर में प्रशासन ने आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ प्रोटोकॉल संबंधी सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, यह दौरा निर्वाचन व्यवस्था की समीक्षा के साथ-साथ मध्य प्रदेश की धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहर से जुड़ाव का भी महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।