पोस्टमार्टम हाउस के सामने बैठे परिजन
छिंदवाड़ा जिले के रावणवाड़ा थाना क्षेत्र के हर्रई गांव में एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां खेत में काम करने के दौरान एक महिला की थ्रेसर में फंसकर मौत हो गई। यह घटना मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात करीब 2:30 बजे की है। मृतक महिला सावित्री कुमरे (42) अपने परिवार के साथ खेत में गेहूं की गहाई कर रही थी, तभी यह हादसा हुआ।
जानकारी के अनुसार हर्रई के ढाला रोड पर स्थित राजकुमार कुमरे के खेत में देर रात परिवार के लोग गेहूं निकालने का काम कर रहे थे। मौसम खराब होने की आशंका के कारण वे रात में ही फसल की गहाई कर रहे थे। इसी दौरान सावित्री कुमरे की साड़ी थ्रेसर की बेल्ट में फंस गई और वह सीधे थ्रेसर की चपेट में आ गई। परिवार के लोगों ने तुरंत मशीन बंद कर महिला को बचाने का प्रयास किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजन सकते में आ गए और ग्रामीणों ने पुलिस को सूचित किया।
ये भी पढ़ें-
छह साल बाद होगी जिला योजना समिति की अहम बैठक, विकास कार्यों पर होगा मंथन; जानें
बुधवार दोपहर महिला के शव को परासिया अस्पताल ले जाया गया, जहां पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद गांव में बुधवार शाम 3:00 बजे सावित्री का अंतिम संस्कार कर दिया गया। गांव के लोगों ने इस घटना को लेकर गहरा शोक व्यक्त किया है।
ये भी पढ़ें-
छिंदवाड़ा में मौसम का बदला मिजाज, अगले दिनों ओलावृष्टि और बारिश की संभावना; जानें हाल
उमरिया में भी हुआ था ऐसा ही हादसा
बता दें कि एक दिन पहले ही उमरिया जिले के नौरोजाबाद थाना अंतर्गत बुढ़हान रामपुर गांव में थ्रेसर मशीन की चपेट में आने से 40 वर्षीय फूल बाई की दर्दनाक मौत हो गई थी। हादसे में उनका एक हाथ कट गया और गंभीर चोटें आईं। अस्पताल ले जाते समय उनकी मृत्यु हो गई। मृतका मजदूरी कर परिवार चलाती थीं।