सिवनी रोड पर सोमवार को हुए सड़क हादसे में अब तक एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। मौके पर दंपती और उनके चार माह के मासूम की मौत हो गई थी,वहीं उपचार के दौरान दो बेटों ने भी दम तोड़ दिया। जबकि दो बच्चे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं।
बता दें कि ग्राम नवेगांव के पास दो कारों की आमने-सामने भिड़ंत में दिनेश उइके, पत्नी कंचन और उनका चार महीने का बेटा सागर मौके पर ही चल बसे थे। चार बच्चों में से वेदांश (12) और प्रियांश (5) ने देर रात अस्पताल में दम तोड़ दिया। देवांशी (9) और दिव्यांश (11) गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती हैं।
ये भी पढ़ें-
तेज रफ्तार वाहन पेड़ से टकराया, चालक ऐसा फंसा कि मौके पर तोड़ दिया दम
एक साथ उठीं पांच अर्थियां, रो पड़ा पूरा गांव
मंगलवार को जब जमुनामाल गांव से एक साथ पांच शवों की अंतिम यात्रा निकली, तो हर आंख नम थी। गांव के लोगों ने बताया कि दिनेश उइके का परिवार बेहद सरल और मिलनसार था। बच्चों की चीखें, परिजनों का क्रंदन और रिश्तेदारों की चुप्पी माहौल को और भारी बना रही थी।
ये भी पढ़ें-
मौत के बाद अब दूसरे की दुनिया रोशन करेंगी सरोज जायसवाल, मिली ऐसी मां जिससे चर्चित हो गए ये विधायक
हादसे के बाद बैग और मोबाइल के लिए भटकते रहे परिजन
परिजनों ने बताया कि हादसे के बाद से दंपति का बैग और मोबाइल फोन उन्हें नहीं मिल पाया। मंगलवार को वे थाना और अस्पताल चौकी के चक्कर लगाते रहे, लेकिन कोई ठोस जवाब नहीं मिला। पुलिस के मुताबिक हादसा नवेगांव स्थित हनुमान मंदिर के पास हुआ। तेज रफ्तार में आ रही दो कारों में आमने-सामने भिड़ंत हुई। 8 लोग घायल हुए थे, जिनमें से 5 की मौत हो चुकी है।