छिंदवाड़ा जिले के अमरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के हरई ब्लॉक में बिजली की समस्या विकराल रूप लेती जा रही है। ब्लॉक के कई गांवों में एक ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण पिछले 20 दिनों से बिजली आपूर्ति पूरी तरह से ठप है। भीषण गर्मी में बिजली न होने से ग्रामीणों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। सबसे अधिक परेशानी किसानों को हो रही है, उनकी फसलें सिंचाई के अभाव में सूखने की कगार पर पहुंच गई हैं।
समस्या के समाधान के लिए ग्रामीण पहुंचे कलेक्ट्रेट
बिजली संकट से त्रस्त हरई ब्लॉक के करीब 30 ग्रामीण अपनी पीड़ा लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने जनसुनवाई में कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह के समक्ष अपनी समस्या रखी और जल्द से जल्द समाधान की गुहार लगाई। ग्रामीणों ने बताया कि ट्रांसफार्मर खराब होने के बाद से पूरे इलाके में अंधेरा पसरा हुआ है। घरों में पंखे और कूलर बंद पड़े हैं, जिससे गर्मी में रहना मुश्किल हो गया है। सबसे बड़ी समस्या खेतों में सिंचाई को लेकर आ रही है। बिजली न होने के कारण पंप बंद हैं और खड़ी फसलें पानी के बिना मुरझा रही हैं। अगर, जल्द ही बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।
ये भी पढ़ें:
जीवित महिला सरकारी रिकॉर्ड में मृत घोषित, दस महीनों से काट रही दफ्तरों के चक्कर
शिकाय पर भी नहीं हुई सुनवाई
ग्रामीण गणेश भरतिया ने अपनी व्यथा सुनाते हुए कहा, हमने स्थानीय बिजली विभाग के कार्यालय में कई बार शिकायत की, लेकिन हमारी कोई सुनवाई नहीं हुई। 20 दिन से हम अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। हमारी फसलें सूख रही हैं, पीने के पानी की भी किल्लत हो गई है। जानवरों के लिए भी पानी का इंतजाम करना मुश्किल हो रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग के अधिकारियों की लापरवाही के कारण उन्हें यह परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि शिकायत करने के बावजूद कोई भी अधिकारी उनकी समस्या सुनने को तैयार नहीं है।
ओवरलोडिंग समस्या की मुख्य वजह
बिजली विभाग के जानकारों का मानना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में ट्रांसफार्मर खराब होने का मुख्य कारण ओवरलोडिंग है। कृषि कार्यों के लिए बिजली की अधिक मांग और घरेलू उपकरणों के बढ़ते उपयोग के कारण ट्रांसफार्मरों पर अत्यधिक दबाव पड़ता है। इसके अलावा, पुराने और कम क्षमता वाले ट्रांसफार्मरों पर अधिक कनेक्शन देने से भी वे जल जाते हैं। गर्मियों में तो स्थिति और भी खराब हो जाती है। कई बार ट्रांसफार्मरों को ठंडा रखने के लिए उनके पास कूलर तक लगाने पड़ते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली विभाग नए कनेक्शन तो दे देता है, लेकिन ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने पर ध्यान नहीं देता, जिसके कारण यह समस्या बार-बार सामने आती है।
ये भी पढ़ें:
सावरकर के पोते ने कहा- बांग्लादेशियों का आर्थिक बहिष्कार होना चाहिए
ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी
कलेक्ट्रेट पहुंचे ग्रामीणों ने कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह से तत्काल हस्तक्षेप करने और हरई ब्लॉक में खराब ट्रांसफार्मर को बदलवाकर बिजली आपूर्ति सुचारू कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनकी समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
कलेक्टर ने दिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश
कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह ने ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संबंधित बिजली विभाग के अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वासन दिया है कि जल्द ही उनकी समस्या का समाधान किया जाएगा।
ये वीडिया भी देखिए...