छिंदवाड़ा सांसद विवेक बंटी साहू सावरी बाजार के पास हुए सड़क हादसे में घायल मरीजों से मिलने जिला अस्पताल पहुंचे। इस दौरान उन्होंने डॉक्टरों को घायलों का बेहतर इलाज करने के विशेष निर्देश दिए और हर संभव मदद का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री मोहन सिंह चौहान की ओर से घायलों को 10,000-10,000 रुपये और मृतकों के परिजनों को 20,000 रुपये की त्वरित आर्थिक सहायता दी गई।
मुख्यमंत्री यादव ने लिया संज्ञान
सांसद विवेक बंटी साहू ने कहा कि बीती रात सावरी बाजार के पास हुए इस सड़क हादसे का मुख्यमंत्री ने तुरंत संज्ञान लिया। उन्होंने अधिकारियों को सभी घायलों के इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने और पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए। इसके तहत, चेक प्रदान किए गए।
भीषण सड़क हादसे में 19 घायल, एक की मौत
बीती रात सावरी बाजार के पास एक बड़ा सड़क हादसा हुआ, जिसमें लगभग 19 लोग घायल हो गए। इनमें से एक व्यक्ति की उपचार के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई। हादसे की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए थे कि सभी घायलों का उचित उपचार सुनिश्चित किया जाए। इसी के तहत सांसद विवेक बंटी साहू बुधवार को जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों से बातचीत की। सांसद ने घायलों और उनके परिजनों को विश्वास दिलाया कि सरकार हर स्तर पर उनकी सहायता के लिए तत्पर है। हादसे से जुड़ी प्रशासनिक कार्यवाही भी तेज गति से की जा रही है।