छिंदवाड़ा के पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में बने हॉस्टल में बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि हॉस्टल से 75 पंखे सहित अन्य सामान चोरी हो गया है। इस मामले की शिकायत प्रबंधन ने धरमटेकड़ी पुलिस से की है, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया और जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि हॉस्टल कई दिनों से खाली था, चोरी की घटना को धीरे-धीरे अंजाम दिया गया है।
कॉलेज की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, हॉस्टल कॉलेज परिसर के अंदर स्थित है और वहां कोई नहीं रहता है। हॉस्टल में ताला लगा हुआ था, समय-समय पर गेट खोलकर स्थिति देखी जाती है। हाल ही में गेट खोलकर देखा गया तो सामने आया कि हॉस्टल से कई चीजें चोरी हो चुकी हैं। इस बात की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
चोरी हुई सामग्री की गिनती की जा रही है। अब तक कमरों में लगे 75 से अधिक पंखे चोरी होना सामने आया है। इसके अलावा, कॉलेज प्रबंधन ने विद्यार्थियों की सुविधाओं के लिए खरीदे गए गैस सिलेंडर, फ्रिज, बर्तन सहित अन्य सामान भी चोरी होने की जानकारी दी है।
कैमरे भी उखाड़ ले गए चोर
प्रबंधन ने बताया कि हॉस्टल में क्या-क्या चोरी हुआ है, इसकी जांच की जा रही है। हॉस्टल बंद ही रहता था, इसकी चाबी प्रभारी के पास होती है, जो समय-समय पर इसे खोलता था। चोरी कैसे हुई, इसकी जानकारी नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इसके अलावा हॉस्टल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे भी चोर उखाड़ कर ले गए हैं, जिससे कैमरे में कुछ भी कैद नहीं हो पाया है।