छिंदवाड़ा जिले के तामिया मार्ग पर पिपरिया से आ रही महाकाल बस अनियंत्रित होकर पलट गई। ग्रामीणों और पुलिस की तत्परता से सात घायल यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जिसमें चार को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
छिंदवाड़ा जिले के तामिया मार्ग पर रविवार सुबह पिपरिया से छिंदवाड़ा आ रही महाकाल बस (MP 04 PA 2644) अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा सुबह लगभग 10 बजे हुआ। बस के पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
ग्रामीण बने ‘पहले रेस्क्यूअर’
विज्ञापन
घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़े। बस एक ओर झुकी हुई थी और कुछ यात्री अंदर फंसे थे। ग्रामीणों ने खिड़कियों के शीशे तोड़कर यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना मिलते ही माहुलझिर थाना की टीम घटनास्थल पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य संभाला। एंबुलेंस बुलाकर घायलों को तामिया अस्पताल भेजा गया।
7 घायल, 4 भर्ती
हादसे में कुल सात यात्री घायल हुए। इनमें चार को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि तीन यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। अस्पताल सूत्रों के अनुसार सभी की हालत स्थिर है और किसी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई है।
हादसे की वजह की जांच
विज्ञापन
प्रारंभिक अनुमान है कि मोड़ पर बस का संतुलन बिगड़ने के कारण हादसा हुआ। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया कि तकनीकी कारण, सड़क की स्थिति और चालक की भूमिका सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। बस चालक से पूछताछ जारी है। बस पलटने के कारण मार्ग पर आवागमन कुछ समय के लिए बाधित रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से बस को हटवाकर ट्रैफिक सामान्य कराया।
तामिया-छिंदवाड़ा मार्ग पहाड़ी और घुमावदार होने के कारण संवेदनशील माना जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार और ओवरटेकिंग के कारण पहले भी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। प्रशासन से अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम और नियमित निगरानी की मांग की जा रही है। समय रहते राहत कार्य शुरू होने के कारण बड़ा हादसा टल गया। यात्रियों और उनके परिजनों ने ग्रामीणों और पुलिस की तत्परता की सराहना की है।