छिंदवाड़ा के एक सरकारी मिडिल स्कूल में दो शिक्षकों का तबादल अलग-अलग जगह कर दिया गया है। दरअसल इन पर आरोप था कि ये पुरूष और एक महिला शिक्षक स्कूल की छुट्टी समय से पहले कर देते थे। इसके बाद दोनों एक दूसरे के साथ समय बिताते थे। इन दोनों की शिकायत स्कूल के छात्रों ने की थी। ज़िला मुख्यालय से लगभग 70 किलोमीटर दूर बीच बहरी गाँव के स्कूल के छात्रों ने जनसुनवाई के दौरान छिंदवाड़ा कलेक्ट्रेट में शिकायत की थी। इसके बाद जांच बैठी थी।
ज़िला कलेक्टर ने आदिवासी मामलों के विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर सत्येंद्र सिंह मरकाम को मामले की जांच करने और कार्रवाई करने का निर्देश दिए थे। ब्लॉक शिक्षा अधिकारी ओपी जोशी ने बताया कि एक जांच समिति ने आरोपों की जांच की, जिसके बाद टीचर और गेस्ट टीचर को तुरंत प्रभाव से स्कूल से हटा दिया गया। उन्होंने कहा कि नए गेस्ट टीचर नियुक्त करने के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं। हालांकि दोनों टीचरों का तबादला दो अलग-अलग स्कूलों में कर दिया गया है, लेकिन उन्होंने आरोपों से इनकार किया है। दावा किया है कि उन्हें बदनाम किया जा रहा है। महिला टीचर ने आरोप लगाया कि किसी और व्यक्ति ने गेस्ट टीचर की पोस्ट के लिए आवेदन किया था। वह वेटिंग लिस्ट में था, और यह शिकायत उसे हटाने और उस व्यक्ति की नियुक्ति का रास्ता साफ करने के लिए की गई थी।
छात्रों ने लगाए कई आरोप
इस पूरे मामले में एक वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हुआ था। इसमें छात्रों द्वारा कथित रूप से कहा जा रहा है कि स्कूल में अतिथि शिक्षक और प्रभारी प्राचार्य के बीच आपत्तिजनक नजदीकियां रहती हैं। छात्रों ने यह भी आरोप लगाया है कि दोनों स्कूल परिसर में एक-दूसरे के साथ निजी समय बिताते हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। छात्रों की ओर से लगाए गए आरोपों के बाद अभिभावकों और ग्रामीणों के बीच भी मामले को लेकर नाराजगी बताई जा रही है। लोगों का कहना है कि स्कूल में शिक्षक विद्यार्थियों के लिए अनुशासन और आदर्श व्यवहार का उदाहरण होते हैं। ऐसे में यदि वायरल वीडियो और शिकायत में लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह गंभीर मामला होगा।
ये भी पढ़ें-
MP Weather: मध्य प्रदेश में फिर बरसेंगे बादल, तीन जिलों में ऑरेंज अलर्ट; अगले चार दिन बढ़ेगा बारिश का दायरा
जनसुनवाई में भी पहुंची शिकायत
मामले को लेकर मंगलवार को जनसुनवाई में शिकायत किए जाने की बात सामने आई है। शिकायतकर्ताओं ने अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही वायरल वीडियो की भी जांच कर वास्तविकता सामने लाने का अनुरोध किया गया है।