छिंदवाड़ा जिले के हर्रई थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। बारिश से बचने के लिए टपरे में रुके सगे भाई-बहन की बिजली गिरने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य ग्रामीण गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। पढ़ें पूरी खबर
छिंदवाड़ा के हर्रई थाना क्षेत्र अंतर्गत बटकाखापा चौकी के ग्राम कुंडाली में मंगलवार शाम बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से दर्दनाक हादसा हो गया। खेत से काम कर लौट रहे लोगों ने तेज बारिश से बचने के लिए एक टपरे में शरण ली थी, लेकिन कुछ ही क्षणों बाद उसी टपरे पर बिजली गिर गई। हादसे में सगे भाई-बहन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए।
विज्ञापन
नहीं बचा पाए जान
जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम क्षेत्र में अचानक मौसम खराब हो गया और तेज बारिश शुरू हो गई। खेतों में काम कर रहे ग्रामीण बारिश से बचने के लिए पास ही बने एक टपरे में एकत्र हो गए। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली सीधे टपरे पर आ गिरी। बिजली की चपेट में आने से उर्मिला धुर्वे (21) और उसका भाई भरत धुर्वे (19) गंभीर रूप से झुलस गए थे। जिससे उनकी मौके पर मौत हो गई थी।
गहरे सदमें परिवारजन
हादसे में वर्षीय जगवती धुर्वे (52), दयावती धुर्वे (20) और सतीराम धुर्वे (30) भी बिजली की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल हर्रई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। एक ही परिवार के भाई-बहन की अचानक हुई मौत से परिजन बदहवास हैं। बुधवार सुबह पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिए। अंतिम संस्कार के दौरान गांव में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग उठी
हर्रई थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन की ओर से भी घटना की जानकारी ली गई है। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग की है। वहीं प्रशासन ने लोगों से बारिश और बिजली चमकने के दौरान खुले स्थानों तथा अस्थायी टपरों में शरण लेने से बचने की अपील की है, क्योंकि ऐसे स्थान आकाशीय बिजली गिरने के दौरान अधिक जोखिम भरे साबित हो सकते हैं।