शिकायत दर्ज कराती पीड़ित महिलाएं।
- फोटो : Amar Ujala
छिंदवाड़ा जिले के पांढुर्णा के हनुमंती वार्ड में दो बदमाशों ने दिनदहाड़े देवरानी-जेठानी के साथ धोखाधड़ी की वारदात को अंजाम दिया। जेवर चमकाने के नाम पर बदमाश दोनों के 18 ग्राम सोने के जेवर लेकर फरार हो गए। पीड़ित महिलाओं ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
पीड़ित देवरानी नंदा पति अरुण इरसकर और जेठानी पुष्पा पति किशोर इरसकर ने बताया कि दोपहर में दो बदमाश उनके घर पहुंचे। उन्होंने पहले पीतल के कुछ बर्तन को पाउडर से चमकाया। इसके बाद सोने के बर्तन चमकाने की बात कही। नंदाबाई ने बताया कि एक बदमाश ने मेरे गले से 15 ग्राम का मंगलसूत्र और कान के झुमके उतारे। वहीं, पुष्पा ने बताया कि उसने खुद ही 3 ग्राम के झुमके निकालकर चमकाने के लिए दिए थे।
किशोर इरसकर ने बताया कि 20 दिन पहले भी ऐसी ही घटना हुई थी। जहां, बदमाश चमकाने के नाम पर सोने के आभूषण लेकर भाग गए थे। पांढुर्णा थाना प्रभारी अजय मरकाम ने बताया कि महिलाओं की शिकायत पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। बदमाशों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। आम जनता ऐसे शातिर लोगों से सतर्क रहे, अनजान लोगों पर इस तरह भरोसा नहीं करे।