छिंदवाड़ा जिले के पांढुर्णा में सिविल लाइन क्षेत्र में सिलिंडर विस्फोट के बाद भीषण आग लग गई, जिसमें तीन मकान जलकर राख हो गए। हालांकि समय रहते लोग बाहर निकल गए, जिससे जनहानि टल गई।
छिंदवाड़ा के पांढुर्णा में सिलिंडर में विस्फोट हुआ है। सिविल लाइन क्षेत्र में बुधवार रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। सिविल अस्पताल के पास करीब रात 10 बजे हुए इस हादसे में दो गैस सिलिंडरों में धमाके हुए, जिसके बाद आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया। आग की चपेट में आकर तीन मकान पूरी तरह जलकर राख हो गए।
विज्ञापन
जानकारी के मुताबिक, आग लक्ष्मण बिनझड़े, लाजवंती मोहबे और ललिता हापसे के मकानों में लगी। बताया जा रहा है कि एक घर में सिलिंडर फटने के बाद आग तेजी से फैली और पास के दो अन्य मकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। धमाकों की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए।
सामान निकालने का मौका नहीं मिला
पीड़ित परिवारों ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि वे घर का सामान तक नहीं निकाल सके। घरों में रखा फर्नीचर, कपड़े, अनाज और जरूरी सामान जलकर खाक हो गया। एक स्कूटी भी आग की चपेट में आकर पूरी तरह नष्ट हो गई। हालांकि, सभी लोग समय रहते बाहर निकल गए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
विज्ञापन
दमकल ने 40 मिनट में पाया काबू
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब 40 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की गंभीरता को देखते हुए बिजली कंपनी ने एहतियातन आधे शहर की बिजली आपूर्ति बंद कर दी, ताकि राहत कार्य में कोई बाधा न आए।
दहशत में लोग, जांच जारी
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना रहा। बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने पीड़ित परिवारों को जल्द राहत और मुआवजा देने की मांग की है।