अपनी मां की बीमारी से तंग आकर एक युवक ने आज अपने खेत में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। पूरा मामला धनौरा चौकी क्षेत्र के ग्राम बिछुआ का बताया जा रहा है।
चौकी प्रभारी लखनलाल अहिरवार के मुताबिक 18 वर्षीय मोहित पिता पिता श्रीगोपाल गुरुवार को अपने खेत पर मवेशी चराने गया था। शाम तक जब वह घर नहीं लौटा तो उसके छोटे भाई ने उसे खेत में जाकर देखा तो उसके मवेशी खेत में थे, लेकिन वह कहीं नजर नहीं आया। बाद में वह एक महुआ के पेड़ में बैल की रस्सी से लटका मिला। तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसकी जांच शुरू की तथा पंचनामा बनाकर उसके शव को पीएम के लिए भेज दिया है।
मां की बीमारी से था परेशान, इसलिए फंदे पर झूला युवक
चौकी प्रभारी के मुताबिक मृतक के पिता श्रीगोपाल का कहना है कि 10 माह पहले ही उसकी मां की बच्चेदानी का ऑपरेशन हुआ था, उसके बाद से वह लगातार बीमार रहती थी। ऐसे में घर में खाना बनाने से लेकर मजदूरी तक की जिम्मेदारी उसकी ही थी। उसी पर परिवार आश्रित था, ऐसे में परेशान होकर उसने यह कदम उठा लिया। पुलिस का कहना है कि अभी पूछताछ जारी है।