जीतू पटवारी ने अमरवाड़ा विधानसभा उप चुनाव के लिए दो नेताओं के पर्चे दाखिल करवाए।
- फोटो : सोशल मीडिया
मध्य प्रदेश कांग्रेस इस बार कोई भी गलती के मूड में नहीं है। वह छिंदवाड़ा की अमरवाड़ा सीट जीतने की हर कोशिश कर रही है। यहां से कांग्रेस ने दो प्रत्याशियों के पर्चे भरवाए हैं। इंदौर कांड के बाद ये नई रणनीति कांग्रेस ने अपनाया है।
बता दें कि छिंदवाड़ा जिले के अमरवाड़ा विधानसभा में उप चुनाव होना है। 10 जुलाई को वोटिंग है। भाजपा से प्रत्याशी कमलेश शाह ने पर्चा भर दिया है। वहीं गुरुवार को कांग्रेस प्रत्याशी धीरन शाह ने भी पर्चा भरा है। कांग्रेस ने रणनीति के तहर दो फॉर्म भरवाए हैं। धीरन शाह के साथ नवीन मरकाम ने भी पर्चा भरा है। दरअसल नवीन मरकाम का नाम पहले से ही लगभग तय माना जा रहा था, लेकिन ऐन समय मे धीरन शाह का नाम सामने आया। इसके बाद गुरुवार को पीसीसी चीफ जीतू पटवारी, उमंग सिंघार की सहित अनेक कांग्रेसी कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में नवीन मरकाम और धीरन शाह दोनों ही उम्मीदवारों ने अपना नामांकन दाखिल किया है।
इंदौर घटना से लिया सबक
दरअसल कांग्रेस को डर सता रहा है कि कहीं भाजपा कोई खेल ना कर दे। इसके चलते कांग्रेस भी फूंक फूंक कर कदम रख रही है। फिलहाल कांग्रेस से दो नामांकन दर्ज होने के बाद तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। बता दें कि लोकसभा चुनाव में इंदौर सीट से कांग्रेस प्रत्याशी अक्षय कांति बम ने ऐनमौके पर नाम वापस ले लिया था और भाजपा की सदस्यता ले ली थी। इंदौर में कांग्रेस का कोई प्रत्याशी चुनाव मैदान में नहीं था। नतीजतन भाजपा प्रत्याशी शंकर लालवानी करीब पौने 12 लाख वोटों से जीते थे। अब छिंदवाड़ा की अमरवाड़ा सीट पर कांग्रेस कोई रिस्क नहीं लेना चाहती, इसलिए दो पर्चे भरवाए गए हैं।