Chhindwara: पदयात्रा में ब्रेक फेल होने से बेकाबू हुआ डी़जे वाहन
- फोटो : सोशल मीडिया
छिंदवाड़ा जिले के सौसर की जाम सावली के प्रसिद्ध हनुमान मंदिर के पास शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। एक डीजे गाड़ी के ब्रेक फेल हो गए और उसने लोगों को कुचल दिया। तीन लोग गंभीर घायल हुए हैं। गाड़ी के आगे नाच रहे लोगों को भागकर अपनी जान बचानी पड़ी।
जानकारी के अनुसार शनिवार होने के कारण शाम को सौसर की जाम सावली के प्रसिद्ध हनुमान मंदिर में श्रद्धालुओं की काफी भीड़ थी। पांढुर्णा से पदयात्रा जाम सावली मंदिर परिसर में आ रही थी, जिसमें सैकड़ों लोग शामिल थे। पदयात्रा के पीछे डीजे गाड़ी चल रही थी, अचानक उसके ब्रेक फेल हो गए, जिससे गाड़ी के आगे नाच रहे लोग चपेट में आ गए। तीन लोग गंभीर घायर हुए हैं। बाकि लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई। घायलों को सौसर के अस्पताल ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद इन्हें नागपुर के लिए रैफर कर दिया गया। लोगों ने जैसे-तैसे गाड़ी को नियंत्रित किया।
एसडीओपी एसपी सिंह के मुताबिक घटना शनिवार शाम 6 बजे की है। मौजूद लोगों ने हादसे का वीडियो भी बना लिया था। घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई। भीड़ ने गाड़ी पर गुस्सा निकाला और उसमें तोड़फोड़ कर दी। बताया जा रहा है कि ड्राइवर को भी पीटा गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत किया। घायलों को अस्पताल ले गए। हालांकि, पुलिस ने हंगामे को नियंत्रित कर घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उन्हें नागपुर रेफर किया गया है। एसडीओपी एसपी सिंह ने बताया कि डीजे गाड़ी को जब्त कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।