छिंदवाड़ा में शनिवार को कुंडीपुरा पुलिस ने राजाखोह चेक पोस्ट पर कार्रवाई की है। थाना कुंडीपुरा के राजाखोह SST चेक पोस्ट पर चेकिंग के दौरान एक कार क्रमांक MP-07 CG-2653 के चालक डॉ संजीव मुखारिया पिता स्वर्गीय महेंद्र कुमार मुखारिया उम्र 59 साल निवासी सदर बाजार सागर मध्यप्रदेश की कार में रखे बैग को चेक किया। इसमें रखे नकदी 20 लाख रुपये मिले।
मौके पर SST टीम के अधिकरी पीएन राव द्वारा आयकर अधिकारी एचएल दांडेकर को सूचित किया गया, जो मौके पर पहुंचकर इस राशि को जब्त कर लिया। बताया जा रहा है कि सागर के डॉक्टर इस नकद राशि को वर्धा किसी प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री के काम के लिए लेकर जा रहे थे। फिलहाल, उनके द्वारा दस्तावेज पेश करने के लिए वक्त मांगा गया है। वहीं, फिलहाल राशि को जब्त कर लिया गया है। इस कार्रवाई में SST प्रभारी पंचायत समन्वय अधिकारी पीएन राव, थाना प्रभारी कुंडीपुरा महेन्द्र शाक्य, उप निरीक्षक मुकेश दुबे, पंकज राय, अविनाश पारधी, प्रधान आरक्षक संतोष बघेल और रूप सिंह भलावी सहित संयुक्त अन्य टीम की भूमिका रही।
युवक ने जहर पीकर किया सुसाइड
लावाघोघरी थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम पीपलधारी के एक युवक ने जहर पीकर सुसाइड कर लिया। पुलिस ने मर्ग कायम करते हुए मामले को विवेचना में लिया है। दरअसल, युवक शामावन उम्र 32 साल निवासी पीपलधारी में रहता था। उसने सुबह किसी तनाव के चलते अपने घर में ही रखी कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया, जिसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में एडमिट कराया गया था। वहीं, उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमॉर्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया है।
शराब पीने का आदी था युवक
लावाघोघरी चौकी से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी शराब पीने का आदि था। वह अधिकांश समय शराब के नशे में रहता था। उसने आखिरकार क्यों शराब पिया, इसको लेकर अभी परिजनों के बयान पुलिस ले रही है। वहीं, हादसे के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
उमरिया SST पोस्ट पर पकड़ाए तीन लाख 95 हजार
आदर्श आचार संहिता पूरे जिले में प्रभावी हो गई है। विधानसभा चुनाव की तैयारियों के चलते बॉर्डर सील कर दी गई है और अंर्तराज्यीय जांच चौकी बनाकर वाहनों की सघनता से पड़ताल की जा रही है। समय-समय पर एडवाइजरी भी जारी की जा रही है। ऐसी ही एक सूचना पिछले दिनों चुनाव आयोग ने जारी की थी कि आप एक वक्त में एक साथ पचास हजार रुपये से अधिक रकम लेकर न चलें, यदि बहुत आवश्यक है तो कागजात और कारण तत्काल बता दें। अन्यथा पैसा जब्त हो जाएगा। लेकिन इसके बाद भी लोग नहीं मान रहे हैं। आज इसी के चलते चौथे दिन भी पुलिस के द्वारा बनाए गए जांच नाके में तीन लाख 95 हजार रुपये की नकदी पकड़ी गई, जिसे पुलिस ने जब्त करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
उमरिया के पास बनाए गए जांच नाके पर की गई कार्रवाई
छिंदवाड़ा अनु विभाग के अंतर्गत कुंडीपुरा थाने क्षेत्र में उमरिया इसरा SST चेक पोस्ट पर चेकिंग के दौरान कार क्रमांक MP-22 CA- 5607 के चालक शरद कुमार बघेल पिता विकास बघेल उम्र 44 साल निवासी कान्हीवाड़ा जिला सिवनी की कार में रखे बैग को चेक किया। इसमें रखे नगदी 3,95,500 रुपये मिले। मौके पर एसएसटी टीम के अधिकारी सरगुन कुमार पटेल के द्वारा जब्त किए गए। इस टीम में एसएसटी प्रभारी सरगुन कुमार पटेल, एसएचओ महेन्द्र शाक्य, एएसआई अर्जुन बघेल, एचसी संतोष बघेल, आरक्षक करन रघुवंशी, एचसी रूप सिंह भलावी सहित तमाम अधिकारी मौजूद रहे।