छिंदवाड़ा जिले के पांढुर्णा के वन परिक्षेत्र से लगे ग्राम बालापुर में वन्य प्राणियों के शिकार के लिए बिछाए गए बिजली के तार से करंट लगने से एक किसान झुलस गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने करंट के तार बिछाने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार बालापुर में रहने वाला किसान हरीश सोनपुरे खेत से अपने घर लौट रहा था, तभी जंगल के किनारे वाले रास्ते पर कुछ शिकारियों ने वन्य प्राणियों को मारने के लिए करंट बिछा रखा था, जिसमें किसान का पैर चला गया और वह करंट की चपेट में आने से झुलस गया, तभी आसपास मौजूद कुछ लोगों ने उसकी जान बचाई और करंट के चंगुल से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। किसान करंट से करीब 40 फीसदी झुलस गया है।
किसान की शिकायत के बाद पुलिस ने जंगल किनारे करंट बिछाने वाले चंद्रभान धुर्वे, सुरेश अड़माची, धनराज परतेती को हिरासत में लिया। आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने धारा 135/308 और 34 का मामला पंजीबद्ध कर लिया है। वहीं, करंट से झुलसे किसान को नागपुर रैफर किया गया है।