छिंदवाड़ा में एक हेड कांस्टेबल का वीडियो सोशल मीडिया में सामने आया है, जिसमें वह शराब के नशे में लड़खड़ाता दिख रहा है। वीडियो रेलवे स्टेशन क्षेत्र के पास की शराब भटटी का है, जहां यह शख्स वर्दी में एक अन्य युवक के साथ लड़खड़ाता दिख रहा है।
वीडियो सोशल मीडिया में सामने आते ही पुलिस की कार्यशैली पर सवालिया निशान लग रहा है। जो वीडियो सामने आया है, उसमें साफ तौर पर देखा जा सकता है कि किस तरह से शराबी हेड कांस्टेबल हाथ में थैला लेकर लड़खड़ा रहा है। वहीं उसके साथ का युवक उसे संभालने का प्रयास कर रहा है।
यह वीडियो जिस हेड कांस्टेबल का है, बताया जा रहा है कि वह पुलिस लाइन में अटैच है। ऐसे वह सिवनी रोड की शराब भटटी में शराब पीने के बाद इस तरह से लड़खड़ा रहा है। गौर करने वाली बात यह है कि हेड कांस्टेबल की वर्दी पर कोई नेम प्लेट और नंबर भी नहीं है, जिसके कारण उसकी पहचान नहीं हो पा रही है। फिलहाल, वीडियो आने के बाद पुलिस महकमे में भी चर्चा का माहौल है।