पड़ोसी ने गाय और बछड़े को पीट-पीट मार डाला
- फोटो : अमर उजाला
मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा के परासिया के खिरसाडोह से गाय और उसके बछड़े को पीट-पीटकर मारने की घटना सामने आई है। इसकी वजह इतनी बताई जा रही है कि गाय आरोपी के घर के आंगन में घुस गई थी। इसके बाद उसने दोनों को पीट-पीटकर मार डाला। मामला गरमाया तो पुलिस ने प्रार्थी से शिकायत करने के लिए कहा। उसके बाद मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
परासिया पुलिस ने बताया कि यहां वार्ड सात खमराजेठू निवासी शहतर (45) पिता सुक्कू नागवंशी ने शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में कहा गया है कि दो दिन पहले शुक्रवार को उनकी गाय और एक बछड़ा घूमते हुए गांव में रहने वाले कैलाश (35) पिता सियाराम मरकाम के घर में घुस गई थी। इस बात से नाराज होकर कैलाश ने शहतर की गाय और बछड़े को इतना पीटा कि दोनों की मौत हो गई। फिलहाल मामले की शिकायत के आधार पर पुलिस ने कैलाश मरकाम के खिलाफ धारा 429 भादंवि के तहत प्रकरण दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।