बच्चों के अंतिम संस्कार में शामिल लोग।
- फोटो : अमर उजाला
छिंदवाड़ा जिले के मचगोरा डैम में बुधवार को डूबने वाले बच्चों का गुरुवार को गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। मासूम बच्चों की असमय मौत से पूरे गांव में दुख का माहौल है, गांव के हर व्यक्ति की आंख नम है। चारों मासूम बच्चों की एक साथ अर्थियां उठते ही मौजूद हर व्यक्ति भावुक हो उठा और भारी मन से बच्चों को अंतिम विदाई दी। चारों बच्चों का बारहबरियारी और चौखड़ा में अंतिम संस्कार किया गया।
हादसे में अपनी दोनों बेटियों को एक साथ खोने वाले पिता बसंत उइके और उनके परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था, एक ही आंगन से एक साथ दो अर्थियां उठी। इस ह्रदय विदारक दृश्य को जिसने भी देखा उसका दिल रो उठा। हादसे में अपने बच्चों को खोने वाले सभी माता-पिता ने अपने बच्चों को नम आंखों से विदाई दी।
4 मासूम बच्चों की हुई थी मौत
छिंदवाड़ा जिले के मचगोरा डैम में बुधवार को पानी पीने के दौरान गड्ढा धंसने से बरियारी में रहने वाली सृष्टि पिता संजय मसराम (7), प्राची पिता बसंत उईके (9), प्रिया पिता बसंत उईके (11), शेखर पिता घनश्याम तेकाम (10) और शिखा की मौत हो गई थी। चारों बच्चे डैम के पास बकरियां चरा रहे थे, इसी दौरान वह सभी प्यास लगने पर पानी पीने के लिए डैम के पास बनी एक झिरिया में उतरे थे, जहां मिट्टी धंसने के दौरान सभी गड्ढे में डूब गए थे।
सीएम ने आर्थिक सहायता की घोषणा की
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने हादसे पर शोक जताते हुए बुधवार को सोशल मीडिया के माध्यम से मृत बच्चों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि प्रदान करने की घोषणा की है।