छतरपुर जिले के चंदला थाना क्षेत्र के ग्राम परमाझोर के एक युवक की सड़क दुर्घटना में मौत के बाद परिजनों ने इसे संदिग्ध मानते हुए सड़क पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। यह घटना बछौन चौकी क्षेत्र के अंतर्गत चंदला-राजनगर मार्ग पर हुई, जहां परिजनों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम परमाझोर निवासी 46 वर्षीय भागीरथ अहिरवार चार दिन पहले मोटरसाइकिल से चंदला स्थित रिश्तेदारी गया था। देर रात परिजनों को सूचना मिली कि वह घायल अवस्था में सड़क पर पड़ा हुआ है। परिजनों ने उसे तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से गंभीर हालत के चलते मेडिकल कॉलेज ग्वालियर रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान रविवार को उसकी मौत हो गई।
सोमवार को भागीरथ का शव लेकर परिजन गांव लौट रहे थे, तभी उन्होंने चंदला-राजनगर मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। उनका आरोप था कि यह दुर्घटना नहीं बल्कि सोची-समझी साजिश थी और किसी ने भागीरथ के साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हुई।
परिजनों ने जताया संदेह
परिजनों का कहना है कि भागीरथ की मौत सड़क हादसे में नहीं हुई बल्कि कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट की थी। उन्होंने मृतक के कुछ साथियों पर संदेह जताते हुए जांच की मांग की। आक्रोशित लोगों ने जब तक प्रशासन से ठोस आश्वासन नहीं मिला, तब तक यातायात बाधित रखा।
पुलिस ने दी जांच का आश्वासन
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत की। पुलिस ने निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद परिजन शांत हुए और चक्काजाम समाप्त हुआ।
छतरपुर पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने बताया, "प्रथम दृष्टया यह मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है, लेकिन परिजनों ने मारपीट की आशंका जताई है। परिजनों के आवेदन के आधार पर जांच की जा रही है, जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।"