छतरपुर जिले के बमीठा थाना क्षेत्र में वन विभाग की गंज नर्सरी में करीब 30 वर्षीय अज्ञात युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने का मामला सामने आया है। जहां शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।घटना और मामले की जानकारी लगने पर बमीठा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई है।
बमीठा पुलिस के मुताबिक, मृतक युवक का शव तकरीबन आठ से 10 दिन पुराना बताया जा रहा है। वन विभाग की नर्सरी में मिले युवक के शव में काले रंग की चड्डी (अंडरवियर) मात्र पहने हुए है। युवक के दोनों हाथ पैर जंगली जानवरों ने खा लिए हैं।
शव को PM के लिए भिजवाया
बमीठा थाना SI हरदेव सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर अज्ञात युवक के शव का पंचनामा भरकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए राजनगर स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया है। जहां शुक्रवार को शव का पोस्टमॉर्टम किया जाएगा। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच और अग्रिम कार्रवाई में जुट गई है।
खेत पर काम रहे किसान पर भालू ने किया हमला
छतरपुर में किशनगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम खरयानी में गुरुवार को जंगली भालू के हमले से किसान के घायल होने की जानकारी सामने आई है। बताया गया है कि खरयानी निवासी 45 वर्षीय सूरत पुत्र गोविंदा आदिवासी दोपहर करीब 12 बजे अपने खेत पर फसल को एकत्रित कर रहा था, तभी जंगल की ओर से आए एक भाले ने उस पर हमला कर उसे बुरी तरह जख्मी कर डाला। सूरत द्वारा जब शोर मचाया गया, तब आसपास के लोगों ने उसकी जान बचाई।
गंभीर हालत में वन विभाग के वाहन से उसे पहले किशनगढ़ अस्पताल ले जाया गया था। जहां प्राथमिक उपचार किए जाने के बाद सूरत को जिला अस्पताल रेफर किया गया। चूंकि सूरत की हालत बेहद गंभीर है, जिसके चलते देर शाम उसे जिला अस्पताल से ग्वालियर रेफर कर दिया गया है।