बारिश में गिरा घर।
- फोटो : अमर उजाला
नौगांव में 24 घंटे में 5-8 इंच बारिश, उर्मिल डैम के 7 गेट खुले
नौगांव क्षेत्र में बीती रात 5 से 8 इंच बारिश हुई, जिसके बाद उर्मिल नदी पर बना उर्मिल डैम लबालब हो गया। हालात ऐसे थे कि रात को डैम के 7 गेट खोलने पड़े। मध्य प्रदेश-उत्तर प्रदेश सीमा पर बढ़ते जलस्तर को देखते हुए महोबा कलेक्टर गजल भारद्वाज ने सिंचाई विभाग के कर्मचारियों के साथ डैम का निरीक्षण किया और गेट खोलने के निर्देश दिए। इससे मध्य प्रदेश के सिंहपुर बहराइच डैम पर भी दबाव बढ़ा, जिसके गेट खोलने की तैयारी के लिए नौगांव एसडीएम ने निरीक्षण किया। डैम से पानी छोड़े जाने के बाद महाराजपुर तहसील के गणेशपुर, गरा सहित कई गांवों में जलभराव की स्थिति है। नौगांव शहर का बड़ा और छोटा तालाब ओवरफ्लो हो गया है। दौरिया गांव में तालाब के किनारे बसे 200-300 मकानों में पानी घुस गया है।
सिंहपुर और रनगुवां बांध के खोले गए गेट
बीती रात हुई तेज बारिश के कारण उर्मिल नदी का जलस्तर बढ़ गया और इसे देखते हुए सिंहपुर बांध के 3 गेट खोले गए। वहीं, रनगुवां बांध में भी पानी की भारी आवक के चलते क्षेत्रीय विधायक अरविंद पटैरिया ने देर रात बांध के कर्मचारियों और आसपास के लोगों से संपर्क कर स्थिति का जायजा लिया। उनके निर्देश पर शुक्रवार सुबह 4 बजे रनगुवां बांध के कुल 12 गेट खोले गए। जलभराव और बाढ़ के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने नदी किनारे बसे गांवों में अलर्ट जारी किया है। ग्रामीणों से सुरक्षित स्थानों पर रहने और नदी-नालों के पास न जाने की अपील की गई है।