छतरपुर में शराब के पैसे न देने पर युवक पर जानलेवा हमला किया गया।
- फोटो : अमर उजाला
छतरपुर शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बरकोंहा में शराब के पैसे को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया गया। हमले में 25 वर्षीय नवल बंसल गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे खून से लथपथ हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक नवल बंसल हाल ही में दिल्ली से काम कर गांव लौटा था। परिजनों के अनुसार वह मेहनत की कमाई से गांव में बेहतर तरीके से रह रहा था। इसी बात को लेकर गांव का ही 30 वर्षीय गोरेलाल बंसल उससे आए दिन शराब पीने के लिए पैसे मांगता था। नवल ने पहले एक-दो बार पैसे दिए भी, लेकिन रविवार को जब उसने पैसे देने से इनकार कर दिया तो आरोपी आगबबूला हो गया।
ये भी पढ़ें-
ठगी की नई चाल: 'तुम्हारे पति-बेटे पर मौत का साया', कांग्रेस नेता के घर तंत्र-मंत्र का ढोंग, लाखों ले गई महिला
बताया जा रहा है कि गुस्से में आकर गोरेलाल ने कुल्हाड़ी से नवल पर वार कर दिया। नवल ने सिर बचाने की कोशिश की, जिससे वार उसके सिर की बजाय कमर और कूल्हे पर जा लगा। तेज धार के वार से उसका कूल्हा बुरी तरह कट गया और काफी खून बह गया। घटना के बाद वह मौके पर ही गिर पड़ा, जबकि आरोपी फरार हो गया। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से घायल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक युवक को गंभीर चोट आई है और उसका इलाज जारी है। इधर, सिटी कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।