छतरपुर शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में रविवार देर रात दीपावली के दिन आगजनी की घटना से हड़कंप मच गया। जहर रोड पर पंजाब नेशनल बैंक के सामने डीसेंट इंग्लिश स्कूल के पास, छोटू शुक्ला की दुकान के बगल में स्थित स्टेशनरी और बुक डिपो में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते दुकान में रखा सामान जलकर खाक हो गया।
आग लगते ही आसपास के लोग और व्यापारी मौके पर पहुंचे और बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। स्थानीय लोग करीब एक घंटे तक अपने स्तर पर आग पर काबू पाने की कोशिश करते रहे। सूचना पर सिटी कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची और बचाव कार्य में जुट गई।
ये भी पढ़ें-
वायु प्रदूषणः दुनिया के सबसे प्रदूषित शहरों में शामिल हुआ स्वच्छ इंदौर? आधी रात को एक्यूआई 1700 के पार पहुंचा
एक घंटे बाद पहुंची फायर ब्रिगेड
स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटनास्थल से नगर पालिका की दूरी महज एक किलोमीटर होने के बावजूद फायर ब्रिगेड करीब एक घंटे की देरी से मौके पर पहुंची। लोगों का कहना है कि दीपावली जैसे बड़े त्योहार पर प्रशासन को आगजनी जैसी घटनाओं से निपटने के लिए अलर्ट रहना चाहिए था, लेकिन आपात स्थिति में दमकल की देरी ने व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए।
लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि फायर ब्रिगेड पहुंचने के बाद भी उसमें आग बुझाने के लिए आवश्यक तकनीकी संसाधनों और प्रशिक्षित कर्मचारियों की कमी नजर आई। इसको लेकर मौके पर मौजूद लोगों और व्यापारियों में नाराजगी देखने को मिली। त्योहार के दिन आपातकालीन सेवाओं की इस स्थिति ने नगर पालिका और नगरीय प्रशासन की तैयारियों पर सवालिया निशान लगा दिए हैं।