कक्षा में सो रहे शिक्षक और गायब बच्चे
- फोटो : अमर उजाला
छतरपुर में वार्ड-13 स्थित शासकीय माध्यमिक शाला के शिक्षक देवकीनंदन साहू का क्लासरूम में सोते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वायरल वीडियो में शिक्षक टेबल-कुर्सी पर सोते हुए नजर आ रहे हैं। साथ ही कक्षा से बच्चे भी गायब हैं। इस घटना के बाद शिक्षा विभाग और स्थानीय प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
प्रतिदिन सोने का आरोप
जानकारी के अनुसार, शिक्षक देवकीनंदन साहू नियमित रूप से अपनी ड्यूटी के दौरान शैक्षणिक कार्य करने के बजाय सोते हुए पाए जाते हैं। यह बात छात्रों और अभिभावकों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई थी, लेकिन वीडियो सामने आने के बाद यह मामला सार्वजनिक हो गया।
शिक्षा विभाग की कार्रवाई
वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने तत्काल प्रभाव से इस घटना की जांच के आदेश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच के बाद शिक्षक पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
दरअसल, एक शिक्षक का मुख्य कार्य छात्रों को शिक्षा देना और उन्हें बेहतर भविष्य के लिए प्रेरित करना होता है। ऐसी घटनाएं न केवल शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करती हैं, बल्कि छात्रों के भविष्य पर भी नकारात्मक प्रभाव डालती हैं।