छतरपुर में लूट के बाद बस को थाने लाकर खड़ा किया।
- फोटो : सोशल मीडिया
छतरपुर जिले के राजनगर में फिल्मी अंदाज में कट्टे के बल पर दिनदहाड़े बस को लूटने के मामले में पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से दो कट्टे, लूट का सामान जब्त किया है।
एसपी ने मामले का खुलासा करते हुए छतरपुर SP अगम जैन ने बताया कि आरोपियों ने गाड़ी/मोटरसाइकिल की किस्त चुकाने और दूसरे की मोटरसाइकिल गिरवी के रुपये चुकाने के लिए वारदात को अंजाम दिया है।
एसपी ने की टीम को इनाम देने की घोषणा
मामले में SP ने पुलिस टीम की प्रसंसा करते हुए सराहनीय बताया है और इनाम देने की बात कही है। मामले में खजुराहो सांसद VD शर्मा ने भी इस घटना का संज्ञान लिया था।
सवारी बनकर बस रोकी
ड्राइवर किशोरी कुशवाहा के मुताबिक दोनों लुटेरों ने सवारी बनकर बस को हाथ दिया तो हमने बस रोक दी, वे दोनों बस में चढ़े और उनमें से एक ने कट्टा निकालकर गाली-गलौज करते हुए हवाई फायर कर दिया और किसी को फोन न करने की धमकी देने लगे। आगे की सीट पर बैठी महिलाओं से जेवर और कैश छीन लिया। विरोध करने पर जान से मार देने की धमकी दी।
कंडक्टर समीर अली ने बताया था कि बाद में लुटेरे मेरे पास आए और मेरा सारा पैसा (कैश) लेकर खेतों की तरफ भाग गए। जब हमने उतरकर देखा तो उनकी बाइक वहीं खड़ी थी। उसका नंबर नोट कर हम थाने में शिकायत करने आए हैं।
छतरपुर में बस लूटने वाले दोनों बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
- फोटो : सोशल मीडिया
बच्चे के 50 रुपये भी छीने
प्रत्यक्षदर्शि यात्रियों ने पुलिस को बताये मुताबिक कट्टा दिखाकर, धमकाकर जेवर, कैश और मोबाइल छीन लिए। इतना ही नहीं उसने एक बच्चा जो हाथ में 50 रुपये का नोट लिए था वो भी छीनकर ले गए। एक महिला यात्री ने कहा कि मैं राजनगर जाने के लिए बस में चढ़ी थी। लुटेरों ने मेरा मंगलसूत्र, मेरी बेटी की सोने की चेन और मेरे पास रखे 20 हजार रुपए छीन लिए, जो उसने बेटी के इलाज के लिए रखे थे।
छतरपुर एसपी आगम जैन ने कहा कि खजुराहो SDOP सलिल शर्मा और राजनगर थाना प्रभारी सिद्धार्थ शर्मा मौके पर हैं यात्रियों से पूछताछ कर मामले की जांच और कार्यवाही कर रहे हैं। दोपहर में बस को लूटने वाले दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। राजनगर टीआई सिद्धार्थ शर्मा की टीम ने इन्हें दबोचा है। लुटेरों से पूछताछ की जा रही है। SP अगम जैन बोले लुटेरे आसपास के हैं, मामले में पूरा खुलासा जल्द करेंगे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने मांगी रिपोर्ट
छतरपुर के राजनगर बस लूट मामले में प्रदेश अध्यक्ष और खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने सख़्त रुख दिखाया है। छतरपुर एसपी से पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट ली है। एसपी को मामले में कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। आरोपियों पर सख्त एक्शन लेकर कार्रवाई करने को कहा गया है।