छतरपुर में दीवार गिरने से महिला घायल हो गई।
- फोटो : सोशल मीडिया
छतरपुर में एक महिला के ऊपर 10 फीट की दीवार गिर गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं, महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। उसके शरीर में आधा दर्जन से अधिक गंभीर चोटें आई हैं।
जानकारी के मुताबिक घटना देर शाम छतरपुर शहर के ओरछा रोड थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत धामची के रामनपुरा गांव में हुई। 28 वर्षीय पार्वती कुशवाहा पति राकेश कुशवाहा होली के त्योहार के पहले अपने घर पर मिट्टी की दीवार की छपाई/पुताई कर रही थी। इसी दौरान 10 फीट ऊंची और दो फीट चौड़ी दीवार उस पर भरभराकर गिर गई, जिसमें वह पूरी तरह दब गई सिर्फ उसका सिर बाहर रहा। शोर मचाने पर परिजन और आसपास के लोग दौड़े और मिट्टी हटाकर उसे बाहर निकाला।
घायल पार्वती कुशवाहा के शरीर में कई जगह चोटें आई हैं। उसके पैर, हाथ और सीने की हड्डियां तथा पसली टूट गईं हैं। परिजन उसे निकालकर जिला अस्पताल लेकर आए, जहां उसका इलाज चल रहा है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।