किराना दुकान की आड़ में अवैध शराब बेचने का मामला
- फोटो : अमर उजाला
जिले के लवकुशनगर थाना क्षेत्र में किराना दुकान की आड़ में अवैध शराब बेचने का मामला सामने आया है। टहनगा गांव में पुलिस ने एक किराना दुकान पर कार्रवाई करते हुए देशी शराब के 22 क्वार्टर जब्त किए हैं। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले भी इसी दुकान से पुलिस ने 10 से 12 क्वार्टर शराब पकड़ी थी। इसके बावजूद शराब की बिक्री जारी रहने पर पुलिस ने दोबारा कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार टहनगा गांव निवासी रुकमन अहिरवार पति ठाकुरदास अहिरवार की किराना दुकान से अवैध शराब बेची जा रही थी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुकान की तलाशी ली। इस दौरान 22 क्वार्टर देशी शराब बरामद हुए, जिन्हें जब्त कर लिया गया। पुलिस ने महिला के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34 के तहत मामला दर्ज किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने महिला को पति के साथ थाने आने के लिए कहा। इस पर महिला ने बताया कि उसका पति उसके साथ नहीं रहता है और जमीन-जायदाद बेचकर कहीं चला गया है। पुलिस ने शराब जब्त करने के बाद मामले में वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें: भोपाल में दर्दनाक कांड: पहले परिवार के चार लोगों का कत्ल, फिर ट्रेन के सामने कूदकर दी जान? पांच मौतों से सनसनी
दो दिन पहले भी हुई थी कार्रवाई
लवकुशनगर थाना प्रभारी त्रिवेंद्र त्रिवेदी ने बताया कि दो दिन पहले सूचना मिली थी कि टहनगा गांव में एक महिला अपनी किराना दुकान से शराब बेच रही है। इस पर पुलिस ने दुकान से 10 से 12 क्वार्टर शराब जब्त किए थे और महिला को थाने आने के लिए कहा था। इसके बाद भी शराब बिक्री की सूचना मिल रही थी। दोबारा कार्रवाई में 22 क्वार्टर शराब बरामद हुए हैं। मामले में आबकारी एक्ट की धारा 34 के तहत FIR दर्ज कर जांच की जा रही है। जांच के बाद विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देशन, एसडीओपी नितेश पटेल के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी त्रिवेंद्र त्रिवेदी के नेतृत्व में की गई। इसमें सहायक उप निरीक्षक राकेश शर्मा, प्रधान आरक्षक दीपक चतुर्वेदी, आरक्षक सतीश सिंह सहित पुलिस बल की भूमिका रही।