राशन दुकानों में किया गया औचक निरीक्षण।
- फोटो : अमर उजाला
छतरपुर में राशन वितरण प्रणाली में लगातार मिल रही धांधली और अनियमितताओं की शिकायत के चलते छतरपुर कलेक्टर संदीप जी आर ने अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए थे। इसी के तहत संबंधित अनुविभागीय अधिकारियों ने गुरुवार को शासकीय राशन दुकानों का औचक निरीक्षण किया। महाराजपुर तहसीलदार सुनील वर्मा ने मार्तंड प्राथमिक उपभोक्ता भंडार वार्ड 6 से 10 गढ़ीमलहरा का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान सह विक्रेता रामसेवक चौरसिया दुकान पर उपस्थित रहा लेकिन विक्रेता राघवेंद्र मिश्रा अनुपस्थित पाया गया।
वहीं, इलेक्ट्रॉनिक तोल कांटे का मापन भी गलत पाया गया। जांच में भौतिक निरीक्षण में ऑनलाइन स्टॉक में भी अंतर पाए जाने के साथ ही कई तरह की अनियमितताएं पाई गईं।
निरीक्षण के दौरान अन्न उत्सव के नोडल नगर परिषद गढ़ीमलहरा के कर्मचारी वीरेंद्र रायकवार भी अनुपस्थित मिले, जिस आधार पर मार्तंड प्राथमिक उपभोक्ता भंडार वार्ड नंबर 6 से 10 के विक्रेता व सह विक्रेता के विरुद्ध कार्रवाई का प्रस्ताव वरिष्ठ कार्यालय को भेजा गया है।