छतरपुर जिले में गुरुवार को हुई अंधे कत्ल की गुत्थी को पुलिस ने 36 घंटों में सुलझा दिया है। आरोपी संतोष कोरी ने मृतक संजू कबीर को उधार पैसे देने के बहाने बुलाया था और मौका पाकर उसकी हत्या कर दी थी। पुलिस ने 36 घंटों के अंदर अंधी हत्या की गुत्थी सुलझाकर 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के गठेवरा गांव का है, जहां 27 जनवरी की सुबह करीब 6 बजे ओवर ब्रिज के पास एक वेन्यू गाड़ी के अंदर पुलिस को लाश की सूचना मिली थी। लाश का गला कटा था और गले में एक लोहे का पतला तार फंसा था। मामले की सूचना पर थाना प्रभारी पुष्पेंद्र मिश्रा अपनी टीम के साथ पहुंचे और फॉरेंसिक की टीम को मौके पर जांच के लिए बुलाया। मृतक की पहचान संजू कबीर उर्फ संजू अनुरागी के रूप में की गई जो कि छतरपुर शहर कोतवाली क्षेत्र के टोरिया मोहल्ला का निवासी था।
परिजनों ने दर्ज कराई थी गुमशुदगी की रिपोर्ट
मृतक संजू कबीर दोपहर से अपने घर से लापता था। उसके परिजनों ने थाने में उसके लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिजनों के अनुसार मृतक 26 जनवरी को अपने घर से अपनी कार लेकर दोपहर 1 बजे निकला था। जब वह काफी देर तक घर वापस नहीं आया, तो घरवालों ने उसकी तलाश की लेकिन उसकी जानकारी नहीं मिली। मोबाइल में बार-बार फोन करने पर मृतक की तरफ से कोई जवाब नहीं मिला, जिसके बाद परिजनों ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने धारा 302, 201 IPC के तहत गुमशुदगी का मामला दर्ज किया था।
घर से उधारी के पैसे लेने निकला था मृतक
मृतक संजू कबीर अपने घर से उधार के पैसे लेने निकला था। परिजनों के अनुसार मृतक जेवरात गिरवी रखकर ब्याज पर पैसे देने का काम करता था। किसी व्यक्ति ने उसके पास तीन सोने के कड़े वापस करने के लिए फोन किया था, जिसके बाद मृतक उसे जेवरात वापस कर उधार के पैसे वापस लेने के लिए निकला था।
उधारी देने बुलाया और कर दी हत्या
मृतक संजू कबीर की हत्या गांव के ही संतोष कोरी और उसके दोस्त मुकेश कोरी ने की थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जांच के दौरान पुलिस ने इस बात का खुलासा किया कि आरोपी संतोष कोरी ने मृतक संजू कबीर के पास अक्टूबर में जेवरात गिरवी रखे थे और 1 लाख 60 हजार रुपये उधार लिए थे। हत्या वाले दिन आरोपी ने मृतक को उधार पैसे देने के लिए बुलाया था।
संदेह के आधार पर पकड़ा गया आरोपी
पुलिस ने संदेह के आधार पर मृतक के घर के ही पास रहने वाले संतोष कोरी को गिरफ्तार किया। जांच के दौरान पुलिस ने पाया की वारदात वाले दिन आरोपी मृतक के पास था। जब पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर उससे कड़ी पूछताछ की तो वो टूट गया और उसने वारदात को अंजाम देना कबूल किया। आरोपी ने बताया कि उसने संजू कबीर की हत्या अपने साथी मुकेश कोरी के साथ मिलकर की है।