जिले में शुक्रवार को चंदला थाने में पति-पत्नी के विवाद के दौरान एक युवक ने थाने के अंदर ही जहर खा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान राम विशाल अहिरवार उर्फ रज्जू (22) निवासी नाहर, थाना चंदला के रूप में हुई है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
परिजनों का आरोप है कि राम विशाल को चोरी के झूठे शक में पुलिस थाने ले गई थी, जहां उसके साथ मारपीट की गई। मारपीट से आहत होकर युवक ने थाने परिसर में ही जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ऩे पर पुलिस उसे पहले चंदला अस्पताल ले गई, जहां से उसे जिला अस्पताल रैफर किया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
मृतक की पत्नी लीला अहिरवार ने बताया कि उसका पति के साथ लंबे समय से मारपीट का विवाद चल रहा था, इस पर उसकी भाभी ने युवक पर चोरी का झूठा आरोप लगा दिया। आज पुलिस राम विशाल को थाने ले गई थी और उसके कुछ देर बाद ही उसकी तबीयत बिगड़ने की सूचना मिली। मृतक की मां मुलिया अहिरवार ने पुलिस पर सीधे आरोप लगाते हुए कहा कि उनके बेटे चोरी के झूठे आरोप पर थाने बुलाया गया था। थाने में बेटे के साथ मारपीट की गई, जिसके बाद उसने जहर खा लिया।
ये भी पढ़ें: MP: कीटनाशक पीकर पति-पत्नी ने कर ली अपनी जीवनलीला समाप्त, एक साल पहले हुई थी शादी; आखिर क्यों उठाया यह कदम?
पुलिस ने कही ये बात
इधर एसडीओपी नवीन दुबे ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि राम विशाल की पत्नी लीला ने करीब 10 दिन पहले थाने में आवेदन दिया था कि उसका पति उसे परेशान कर रहा है। इसी आधार पर आज दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया था। दोनों को समझाइश दी जा रही थी। समझाइश के बाद दोनों को बाहर बैठा दिया गया था और पुलिस अन्य कार्यों में लग गई। उसी दौरान युवक ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। पुलिस ने तुरंत उसे चंदला अस्पताल पहुंचाया, जहां हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रैफर किया गया, वहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। परिजनों ने पुलिस पर मारपीट और लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं तथा निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं शाम करीब साढ़े 5 बजे पुलिस अधीक्षक अगम जैन भी जिला अस्पताल पहुंचे और मृतक के परिजनों से बात की।
एसपी जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि उक्त मामला गंभीर है, जिसके लिए ज्यूडिशियल जांच के लिए निवेदन किया है। साथ ही थाना प्रभारी संदीप दीक्षित की लापरवाही सामने आने पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।