Chhatarpur: कुख्यात बदमाश सोनू स्टोव के अड्डे को तोड़ा गया।
- फोटो : अमर उजाला
छतरपुर शहर के एक कुख्यात बदमाश सोनू स्टोव के अड्डे पर जेसीबी चलाई गई। पन्ना नाका पर चन्द्रशेखर आजाद तिराहे के समीप स्थित सोनू स्टोव के इस फार्म हाउस पर बने एक कमरे, बाथरूम, बाउण्ड्री और शेड निर्माण को जेसीबी की मदद से धराशायी किया गया। पुलिस ने बताया कि इसी अड्डे पर आपराधिक घटनाओं की योजना बनाई जाती थी और यहां अपराधी शरण लेते थे।
कार्रवाई से पहले आसपास के 10 थानों के लगभग 150 पुलिसकर्मी छत्रसाल चौक पर एकत्रित किए गए। तदोपरांत एएसपी विक्रम सिंह एवं एसडीएम यूसी मेहरा के नेतृत्व में पुलिस, नगर पालिका और राजस्व का यह संयुक्त बल पन्ना नाके पहुंचा। यहां सोनू स्टोव के फार्म हाउस का सबसे पहले बिजली कनेक्शन काटा गया, इसके बाद जेसीबी की मदद से बाउण्ड्री को तोड़कर प्रशासनिक अमला भीतर पहुंचा। लगभग डेढ़ घंटे में जेसीबी ने यहां मौजूद तीन पक्की संरचनाओं को मिट्टी में मिला दिया। कार्रवाई के दौरान सीएमओ ओमपाल सिंह भदौरिया एवं उनका सफाई अमला भी मौजूद रहा।
हत्या, जानलेवा हमले सहित 18 अपराधों में है लिप्त
एसडीओपी शशांक जैन ने बताया कि सोनू स्टोव पिछले कुछ वर्षों में लगभग 18 संगीन अपराधों में लिप्त रहा है। उस पर हत्या, जानलेवा हमले का प्रयास, लोगों को धमकाकर पैसे ऐंठना जैसे कई संगीन जुर्म दर्ज हैं। लगभग दो महीने पहले छतरपुर में जफ्फू खान एवं अब्दुल समीर गिरोह के बीच हुए गैंगवार में भी सोनू स्टोव शामिल था। इस मामले में गैंगवार के दौरान सोनू स्टोव अपने साथियों के साथ फायर करता नजर आ रहा था। हमले में एक 17 वर्षीय किशोर को गोली लगी थी। इस युवक की रिपोर्ट पर भी सोनू स्टोव के विरूद्ध धारा 307 का प्रकरण दर्ज किया गया था। तीन दिन पहले ही पुलिस ने सोनू स्टोव को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।