हादसे के बाद ग्रामीणों ने हाइवे जाम किया
- फोटो : अमर उजाला
जिला मुख्यालय से सटे हमा तिराहा के पास बुधवार को हुए भीषण सड़क हादसे में छतरपुर की ओर आ रही एक टैक्सी को गुरु कृपा कंपनी की यात्री बस ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में टैक्सी में सवार एक मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
बताया जा रहा है कि बच्ची अपनी नानी की अंत्येष्टि में शामिल होने के लिए जा रही थी। इसी दौरान हमा तिराहा के पास टैक्सी बस की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बच्ची ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन पहुंच गए।
ये भी पढ़ें: उमरिया: सड़क पर घायल पड़ा था शिक्षक, जननी चालक ने पहुंचाया अस्पताल, इलाज शुरू होते ही थम गई सांसें
आक्रोशित ग्रामीणों ने हाइवे पर लगाया जाम
हादसे में बच्ची की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया। करीब 30 मिनट तक हाइवे पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति संभाली।
कोतवाली टीआई सतीश सिंह ने ग्रामीणों और परिजनों से बातचीत कर उन्हें समझाइश दी। पुलिस की समझाइश के बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है। नानी की अंत्येष्टि में शामिल होने जा रही बच्ची की रास्ते में ही मौत होने से परिवार में मातम पसरा है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।