Chhatarpur: पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बंदूक भी जब्त की है।
- फोटो : अमर उजाला
छतरपुर में दो दिन पहले हुई फायरिंग और दहशतगर्दी में पुलिस ने पांच आरोपियों को हथियार सहित गिरफ्तार किया है। दो आरोपी नाबालिग बताए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक कुशवाहा समुदाय के लोगों पर कुछ लोगों ने अवैध हथियारों से लैस होकर फायरिंग व बलवा कर गांव में दहशत फैलाई थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना खजुराहो, बमीठा, राजनगर, महाराजपुर, लवकुशनगर, गढीमलहरा, सहित रक्षित केन्द्र का बल तत्काल ग्राम गोरा में भेजकर पैदल फ्लेग मार्च कराया। आरोपियों के परिजनों को आवश्यक हिदायत दी।
घटना की रिपोर्ट फरियादी 59 वर्षीय दीना पिता तिजवा कुशवाहा निवासी ग्राम गोरा ने की थी। रिपोर्ट पर थाना खजुराहो मे आरोपियों अरविन्द सिंह, रविन्द सिंह, दीपेन्द्र सिंह व अन्य दो निवासी गोरा के विरुध्द दर्ज किया गया। मंगलवार को रविन्द्र पिता राम सिंह बुन्देला (28), अरविन्द पिता जगत सिंह बुन्देला (30), दीपेन्द्र पिता छुट्टे राजा बुन्देला (29) इन सभी को ग्राम गोरा से गिरफ्तार किया गया।
रविन्द्र सिंह बुन्देला के कब्जे से अवैध 12 बोर की बंदूक कारतूस सहित और दीपेन्द्र सिंह के कब्जे से अवैध 315 बोर का देशी कट्टा कारतूस अहित जब्त किए गए। प्रकरण में धारा 25/27 आर्म्स एक्ट बढाई गई। शेष दो आरोपी नाबालिग होने से इन्हें किशोर न्यायालय में पेश किया जाएगा।