16 वर्षीय गुड्डो आदिवासी की देर शाम कुएं में गिरने से मौत हो गई।
- फोटो : फाइल फोटो
छतरपुर में किशोरी की कुएं में गिरकर मौत होने का मामला सामने आया है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर किशोरी के शव को निकलवकर पंचनामा बना पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया गया है। मामला संदिग्ध लगने से पुलिस हर एंगल पर जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक मामला छतरपुर सिविल लाइन थाना क्षेत्र के गठेवरा गांव का है, जहां के आदिवासी किसान भगवानदास आदिवासी की 16 वर्षीय बेटी गुड्डो आदिवासी की देर शाम कुएं में गिरने से मौत हो गई। वह कभी स्कूल नहीं गई और न ही पढ़ाई करती थी। परिजनों ने बताया कि दिनभर गुड्डो खेत पर काम करती और चना काटती रही। देर शाम जब वह गांव के बाहर स्थित कुएं पर पानी भरने गई तो इस दौरान वह कुएं में गिर गई। घटना की जानकारी पास में बकरी चराने वाले चरवाहे ने दी। परिजनों की मानें तो उनका किसी से कोई विवाद या बुराई नहीं है वह तो पानी भरते समय कुएं में गिर गई और मौत हो गई।
सिविल लाइन थाना प्रभारी पुष्पेन्द्र मिश्रा ने बताया कि पुलिस परिजनों के बयानों के साथ अन्य पहलुओं को भी संज्ञान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच उपरांत ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी कि मौत अकस्मात है, आत्महत्या है या हत्या। मामले में जांच चल रही है।