जमीन को लेकर हुए हमले में घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
- फोटो : अमर उजाला
छतरपुर जिले के गौरिहार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बलरामपुर के दो परिवारों में जमीन को लेकर आपसी विवाद चल रहा है। बीती रोज एक बार फिर दोनों परिवारों में एक फीट जमीन और दीवार बनाने को लेकर कहासुनी हुई और बात इतनी बढ़ गई कि एक परिवार ने दूसरे परिवार के सदस्यों पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। मारपीट में एक परिवार के करीब आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं। थाने में रिपोर्ट दर्ज कराए जाने के बाद घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गौरिहार थाना क्षेत्र के ग्राम बलरामपुर निवासी सलमा और सलीम ने बताया कि उसका जमीनी विवाद परिवार के गुलाब शेख के साथ चल रहा है। पिछले दिनों दोनों के बीच एक दीवार बनाने के लिए आपसी समझौता हुआ था, लेकिन गुलाब शेख का परिवार समझौते के मुताबिक दीवार नहीं बना रहा है। जिसे लेकर बीती शाम उसका गुलाब शेख के साथ विवाद हुआ। इसी दौरान गुलाब शेख के परिवार के मुन्ना खान, अजीज फारूख, सद्दाम हफीज, अंजुम, शहनाज और कंजुम आदि ने सलीम के परिवार पर हमला कर दिया। मारपीट में बाबू खान 70 वर्ष, रज्जन खातून 65 वर्ष, बबलू खान 45 वर्ष, इस्लाम खान 35 वर्ष गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि दो अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गौरिहार पुलिस ने 10 लोगों के खिलाफ मामला पंजीबद्ध कर लिया है।