छतरपुर में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 194 हुई
- फोटो : सोशल मीडिया
छतरपुर जिले में हर दिन कोरोना संक्रमण के नए मामले सामने आ रहे हैं। शुक्रवार को जिले में कोरोना के 45 नए मरीज मिले हैं, जिसके बाद कुल एक्टिव संक्रमितों की संख्या 239 हो गई। जिला प्रशासन कोरोना संक्रमण को रोकने की तमाम कोशिशें कर रहा है, लेकिन लोगों की लापरवाही के चलते जिले में संक्रमित मरीजों की संख्या में वृद्धि हो रही है। कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए प्रशासन ने नागरिकों से कोरोना गाइडलाइन का गंभीरता से पालने करने की अपील की है।
छतरपुर में कोरोना विस्फोट दिन ब दिन बढ़ता ही जा रहा है और अब यह थमने का नाम नहीं ले रहा। जहां एक ओर गुरुवार को एक्टिव मरीज 194 थे तो वहीं आज शुक्रवार को यह दोहरा शतक पार करते हुए आंकड़ा 239 हो गया है। जिले की दूसरी लिस्ट में 31 कोरोना पॉजिटिव केस के साथ जहां कुल जमा आज दिनभर में 45 केस निकले हैं। 11 और 12 जनवरी के 1472 की सैम्पल रिपोर्ट जिसमें छतरपुर शहर में 7 केस, राजनगर क्षेत्र में 8 केस, नोगांव क्षेत्र में 4 केस, बड़ामलहरा क्षेत्र में 5 केस, लवकुशनगर क्षेत्र में 2 केस, बिजावर क्षेत्र में 5 केस, कुल शुक्रवार को 31 केस निकले।
बता दें कि बीते 24 घंटों में प्रदेशभर में 4755 नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। वहीं एक्टिव मरीजों की संख्या 21394 हो गई है। संक्रमण दर भी लगातार बढ़ रही है। गुरुवार को कोरोना संक्रमण दर 6 फीसदी रही।