मध्य प्रदेश भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत की संघ में वापसी हो गई है। भगत को मध्य क्षेत्र (मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़) का बौद्धिक प्रमुख नियुक्त किया गया है। उनका मुख्यालय जबलपुर होगा।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और भाजपा ने उत्तरप्रदेश चुनाव के बाद संगठन में बदलाव शुरू कर दिया है। संघ की अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की बैठक में भगत को नई जिम्मेदारी देने का निर्णय लिया गया। सुहास भगत को विधानसभा चुनाव के पहले वर्ष 2016 में भाजपा में भेजा गया था। उस समय संगठन और सत्ता में समन्वय को सुदृढ़ करने की आवश्यकता को महसूस करते हुए ये निर्णय लिया गया था l सुहास भगत ने 6 साल में नई पीढ़ी की भाजपा बनाने में बहुत बड़ा योगदान दिया l मध्य प्रदेश को देश का पहला राज्य बनाया, जहां पर सभी मण्डल अध्यक्ष 40 वर्ष से कम आयु के हैं l सभी महानगरों में युवाओं को जिला अध्यक्ष नियुक्त करने में बड़ी भूमिका निभाई। संगठनात्मक नियुक्तियों में विधायकों के एकाधिकार को समाप्त किया l सिंधिया गुट के साथ समन्वय स्थापित करने में भी सुहास भगत की बड़ी भूमिका रही है।
नए नाम पर चर्चा तेज
प्रदेश संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी को लेकर चर्चा तेज हो गई है। प्रदेश सह संगठन मंत्री हितानंद शर्मा को संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी देने को लेकर चर्चा चल रही है। हालांकि इस बारे में अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। वहीं, संगठन में विधानसभा चुनाव 2023 के पहले अभी और बदलाव होने की संभावना है।